नई दिल्ली । समुद्री और रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी तकनीक एवं उन्नत इलेक्ट्रॉनिक्स समाधानों को बढ़ावा देने की दिशा में साइएंट डीएलएम और सरकारी रक्षा उपक्रम हिंदुस्तान शिपयार्ड लिमिटेड (एचएसएल) ने महत्वपूर्ण पहल की है। दोनों कंपनियों ने समुद्री और रक्षा अनुप्रयोगों के लिए उन्नत इलेक्ट्रॉनिक्स एवं प्रौद्योगिकी समाधानों के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाएं तलाशने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।
शनिवार को जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, इस समझौते का उद्देश्य दोनों संस्थानों की विशेषज्ञता और तकनीकी क्षमताओं का लाभ उठाकर रक्षा एवं समुद्री क्षेत्र के लिए आधुनिक समाधान विकसित करने की संभावनाओं पर काम करना है।
समझौते के तहत हिंदुस्तान शिपयार्ड लिमिटेड के जहाज निर्माण, जहाज मरम्मत और प्लेटफॉर्म इंटीग्रेशन से जुड़े अनुभव को साइएंट डीएलएम की इलेक्ट्रॉनिक्स एवं विनिर्माण क्षमताओं के साथ जोड़ने की योजना है।
साइएंट डीएलएम मिशन-क्रिटिकल इलेक्ट्रॉनिक्स, एम्बेडेड सिस्टम, पावर इलेक्ट्रॉनिक्स, प्रिसिजन मैन्युफैक्चरिंग, परीक्षण और उत्पाद विकास जैसे क्षेत्रों में विशेषज्ञता रखती है।
रक्षा तकनीक और समुद्री क्षेत्र में सहयोग पर जोर
इस साझेदारी के माध्यम से दोनों संस्थान समुद्री एवं रक्षा अनुप्रयोगों के लिए उन्नत इलेक्ट्रॉनिक प्रणालियों और तकनीकी समाधानों के विकास की संभावनाओं पर विचार करेंगे। इसमें जहाज निर्माण और रक्षा प्लेटफॉर्म से जुड़ी इलेक्ट्रॉनिक जरूरतों को पूरा करने के लिए दोनों पक्षों की क्षमताओं का उपयोग किया जा सकता है।
यह समझौता भारतीय रक्षा एवं समुद्री उद्योग में तकनीकी सहयोग, आधुनिक विनिर्माण और स्वदेशी क्षमताओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस साझेदारी से समुद्री और रक्षा इलेक्ट्रॉनिक्स के क्षेत्र में नई तकनीकों के विकास तथा घरेलू विनिर्माण क्षमताओं को बढ़ावा मिलने की संभावनाएं हैं।