किरंदुल । लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर किरंदुल में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल बना हुआ है। उत्तर प्रदेश बिहार सामाजिक एवं सांस्कृतिक परिषद, किरंदुल के तत्वावधान में इस वर्ष भी छठ महापर्व भव्यता और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाने की तैयारियां की जा रही हैं।
छठ पूजा को लेकर नगर के विभिन्न छठ घाटों पर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। श्री राघव मंदिर परिसर स्थित छठ घाट एवं यूपी बिहार भवन, फुटबॉल ग्राउंड कॉम्प्लेक्स को रंग-बिरंगी विद्युत झालरों, फूल-मालाओं और आकर्षक तोरणों से सजाया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाटों की साफ-सफाई, जल भराव, विद्युत रोशनी और बैठने की समुचित व्यवस्था की जा रही है।
छठ महापर्व के दौरान संध्या अर्घ्य में व्रती जल में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। वहीं अगले दिन सुबह उगते सूर्य को उषा अर्घ्य देकर लगभग 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का समापन करेंगे।
परिषद की ओर से व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों पर पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, प्राथमिक चिकित्सा और स्वयंसेवकों की तैनाती की व्यवस्था की गई है, ताकि पर्व के दौरान किसी को असुविधा न हो।
उत्तर प्रदेश बिहार सामाजिक एवं सांस्कृतिक परिषद ने नगरवासियों से अपील की है कि छठ घाटों पर स्वच्छता बनाए रखें, प्लास्टिक का उपयोग न करें, व्रतियों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें तथा यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
इस आयोजन की खास बात यह है कि छठ महापर्व में विभिन्न समाजों के लोग बढ़-चढ़कर सहभागिता निभा रहे हैं। इससे किरंदुल में सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक सद्भाव की सुंदर मिसाल देखने को मिल रही है।
परिषद के अध्यक्ष रविन्द्र सोनी ने नगरवासियों से छठ महापर्व को श्रद्धा, शांति और स्वच्छता के साथ मनाने की अपील की है।
छठ महापर्व की तैयारियों ने पूरे किरंदुल को भक्तिमय वातावरण में रंग दिया है और श्रद्धालु संध्या एवं उषा अर्घ्य की प्रतीक्षा कर रहे हैं।