मुंबई । देश के विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार मजबूती दर्ज की गई है। 6 नवंबर 2026 को समाप्त सप्ताह में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार बढ़कर 719.55 अरब डॉलर (लगभग 67.58 लाख करोड़ रुपये) पर पहुंच गया। इससे पिछले सप्ताह की तुलना में इसमें 2.49 अरब डॉलर की वृद्धि हुई है।
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा शुक्रवार को जारी साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार, विदेशी मुद्रा भंडार में इस बढ़ोतरी में विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों और स्वर्ण भंडार का प्रमुख योगदान रहा।
आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां 23.2 करोड़ डॉलर बढ़कर 591.35 अरब डॉलर हो गईं। वहीं, स्वर्ण भंडार में 2.20 अरब डॉलर की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई, जिसके बाद यह बढ़कर 104.80 अरब डॉलर पर पहुंच गया।
इसके अलावा, विशेष आहरण अधिकार (SDR) में भी 5.2 करोड़ डॉलर की बढ़ोतरी हुई और यह बढ़कर 18.61 अरब डॉलर हो गया।
विदेशी मुद्रा भंडार में यह वृद्धि भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए सकारात्मक संकेत मानी जा रही है। पर्याप्त विदेशी मुद्रा भंडार से देश की बाहरी आर्थिक स्थिरता मजबूत होती है और अंतरराष्ट्रीय भुगतान संबंधी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलती है।