किरंदुल। किरंदुल स्थित गौशाला में मंगलवार को कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा के अवसर पर गोवर्धन पूजा का पर्व धूमधाम और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विधि-विधान से गोवर्धन महाराज एवं गौ माता की पूजा-अर्चना कर नगर की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई।
पूजा कार्यक्रम में मुख्य रूप से गौ सेवा आयोग के कुआकोंडा ब्लॉक अध्यक्ष रामकृष्ण बैरागी, नगर पालिका अध्यक्ष रूबी शैलेंद्र सिंह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह, भारतीय मजदूर संघ शाखा किरंदुल के सचिव एवं यादव समाज नगर अध्यक्ष राजेन्द्र यादव, एल्डरमैन संजीव दास और युवा मोर्चा अध्यक्ष सुखदेव पोयाम सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने गौ माता की पूजा-अर्चना कर गौ सेवा का संकल्प लिया।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्रदेव का अहंकार दूर करने और प्रकृति के महत्व को समझाने के लिए ब्रजवासियों को गोवर्धन पर्वत की पूजा करने के लिए प्रेरित किया था। इंद्रदेव द्वारा मूसलाधार बारिश किए जाने पर भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी कनिष्ठा उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों और पशु-पक्षियों की रक्षा की थी। तभी से गोवर्धन पूजा की परंपरा चली आ रही है।
यह पर्व प्रकृति, पर्यावरण और पशुधन के महत्व का संदेश देता है। इस दिन गाय-बैलों को नहलाकर सजाया जाता है तथा उन्हें मिष्ठान खिलाकर उनकी पूजा की जाती है। साथ ही गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाकर पूजा-अर्चना की जाती है और भगवान श्रीकृष्ण को अन्नकूट एवं छप्पन भोग अर्पित किए जाते हैं।