एनएमडीसी की पहल से 12 ग्राम पंचायतों के 1,269 विद्यार्थियों को मिली शैक्षिक सहायता

बचेली। जनजातीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एनएमडीसी लिमिटेड, बचेली कॉम्प्लेक्स ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के तहत 12 ग्राम पंचायतों के 48 विद्यालयों में पढ़ने वाले 1,269 विद्यार्थियों को स्कूल बैग, जूते और मोजे वितरित किए। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को आवश्यक शैक्षिक सामग्री उपलब्ध कराकर उनकी पढ़ाई और विद्यालय में नियमित उपस्थिति को प्रोत्साहित करना है।

कार्यक्रम के अंतर्गत बैंगपाल, पाढ़ापुर, बड़े बचेली, दुगेली, मोलासनार, मसेनार, गंजेनार, धुरली, नेरली, भांसी, गमावाड़ा और बड़े कमेली ग्राम पंचायतों के विद्यार्थियों को लाभान्वित किया गया।

एनएमडीसी बचेली के परियोजना प्रमुख श्रीधर कोडाली ने कहा कि शिक्षा सामाजिक परिवर्तन का सशक्त माध्यम है। बच्चों को जमीनी स्तर पर सहयोग देना बस्तर के भविष्य में निवेश करने के समान है। उन्होंने कहा कि एनएमडीसी जनजातीय समुदायों को सशक्त बनाने और शिक्षा के अवसरों को बेहतर करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

इस पहल का क्रियान्वयन एनएमडीसी बचेली की उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्रीमती के. लक्ष्मी नागवेणी तथा उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) एवं सीएसआर प्रमुख जोसी थॉमस के मार्गदर्शन में किया गया।

एनएमडीसी बचेली परियोजना आसपास के गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, ग्रामीण आधारभूत संरचना और सामुदायिक कल्याण के क्षेत्र में लगातार सीएसआर गतिविधियां संचालित कर रही है। यह शैक्षिक सहायता कार्यक्रम जनजातीय एवं ग्रामीण समुदायों के विकास और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *