जगदलपुर । बस्तर संभाग में आयोजित होने वाले बस्तर ओलम्पिक की तैयारियों को लेकर कमिश्नर डोमन सिंह ने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं जवाबदेही, गुणवत्ता और बेहतर समन्वय के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने संभाग के जिला खेल अधिकारियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों से आयोजन की तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली।
कमिश्नर डोमन सिंह ने कहा कि बस्तर ओलम्पिक केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि क्षेत्र के युवाओं की खेल प्रतिभाओं को सामने लाने, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने और खेलों के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने का महत्वपूर्ण मंच है। इसलिए आयोजन से जुड़ी प्रत्येक जिम्मेदारी गंभीरता और पूरी जवाबदेही के साथ निभाई जानी चाहिए।
बारिश को देखते हुए खिलाड़ियों की सुविधाओं पर विशेष जोर
कमिश्नर ने विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताओं के दौरान बारिश की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने खेल मैदानों की तैयारी के साथ खिलाड़ियों के ठहरने, पेयजल, भोजन, आवागमन और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा।
उन्होंने जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए भी अभी से बेहतर तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि खिलाड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी प्रतियोगिताओं का संचालन व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से किया जा सके।
खेल संघों और अनुभवी खिलाड़ियों का लिया जाए सहयोग
आयोजन में अधिकाधिक खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कमिश्नर ने विभिन्न खेल संघों का सहयोग लेने की बात कही। उन्होंने राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल करने वाले खिलाड़ियों को भी बस्तर ओलम्पिक से जोड़ने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अनुभवी और सफल खिलाड़ियों की सहभागिता से स्थानीय प्रतिभाओं को प्रेरणा मिलेगी। ऐसे खिलाड़ियों के अनुभव और मार्गदर्शन से युवाओं में आगे बढ़ने तथा राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का उत्साह पैदा होगा।
कमिश्नर ने स्थानीय जनभागीदारी को भी आयोजन की सफलता के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए संबंधित क्षेत्रों के पंचायत प्रतिनिधियों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से आमंत्रित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन होगा और आयोजन को व्यापक जनसहयोग मिलेगा।
खिलाड़ियों की सुरक्षा और चिकित्सा सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता
कमिश्नर डोमन सिंह ने खिलाड़ियों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक आयोजन स्थल पर आवश्यक दवाइयों, एंबुलेंस और चिकित्सा दल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रतियोगिता के दौरान किसी खिलाड़ी को चोट लगने या स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जाना चाहिए। आवश्यकता पड़ने पर बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए खिलाड़ी को बिना विलंब उच्च चिकित्सा संस्थान में रेफर करने की व्यवस्था भी पहले से सुनिश्चित रहे।
प्रत्येक व्यवस्था के लिए अधिकारियों की तय होगी जिम्मेदारी
कमिश्नर ने आयोजन की अलग-अलग व्यवस्थाओं के लिए पृथक अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपने और उनके कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेल मैदान, खेल सामग्री, पेयजल, भोजन, आवास, परिवहन, चिकित्सा सुविधा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए स्पष्ट जवाबदेही तय होनी चाहिए।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग कर कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।
कमिश्नर ने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय और सक्रिय सहभागिता के साथ कार्य करें, ताकि बस्तर ओलम्पिक का आयोजन बेहतर, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाया जा सके। उन्होंने आयोजन को बस्तर के युवाओं की खेल प्रतिभा को नई पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए इसकी तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने पर जोर दिया।