रायपुर । छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव 2026 में प्रदेश की 36 विभूतियों एवं संस्थाओं को प्रतिष्ठित राज्य अलंकरण सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने राजधानी रायपुर के महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में विभिन्न श्रेणियों के पुरस्कारों की घोषणा की।
राज्य अलंकरण के माध्यम से कला, संस्कृति, साहित्य, पत्रकारिता, खेल, समाजसेवा, शिक्षा, कृषि, चिकित्सा, लोककला और जनसेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि राज्य अलंकरण सम्मान प्रदेश की प्रतिभाओं की विशिष्ट उपलब्धियों और समाज एवं राज्य के विकास में उनके अमूल्य योगदान के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। ये सम्मान नई पीढ़ी को अपनी प्रतिभा निखारने और समाज के प्रति सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित करते हैं।
सामाजिक उत्थान और जनसेवा के क्षेत्र में सम्मान
घोषित सूची के अनुसार आदिवासी सामाजिक चेतना एवं उत्थान के लिए शहीद वीरनारायण सिंह स्मृति सम्मान धमतरी के डुमन लाल ध्रुव को प्रदान किया जाएगा। अहिंसा एवं गौरक्षा के क्षेत्र में यति यतनलाल सम्मान विश्व गीता धेनू गोविन्द पक्षी सेवा धाम, कुम्हारी को मिलेगा।
महिला उत्थान के लिए मिनीमाता सम्मान लोक आस्था सेवा संस्थान, गरियाबंद की सुश्री लता नेताम को तथा सामाजिक चेतना एवं अनुसूचित जाति उत्थान के लिए गुरु घासीदास सम्मान कबीरधाम के सुखचंद भास्कर को दिया जाएगा।
सहकारिता के क्षेत्र में ठाकुर प्यारेलाल सिंह पुरस्कार बस्तर की प्राथमिक कुडुक मछुआ सहकारी समिति मर्यादित, चित्रकोट के धनसिंह बघेल को मिलेगा। सामाजिक समरसता के लिए महाराजा अग्रसेन सम्मान रायगढ़ के बाबूलाल अग्रवाल तथा सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक उपलब्धियों के लिए पंडित रविशंकर शुक्ल सम्मान बिलासपुर के तेजस्विनी सेवा प्रतिष्ठान को प्रदान किया जाएगा।
साहित्य, लोककला और संगीत की प्रतिभाओं का होगा सम्मान
छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक और साहित्यिक विरासत को आगे बढ़ाने वाले कलाकारों एवं साहित्यकारों को भी सम्मानित किया जाएगा।
- हबीब तनवीर सम्मान – डॉ. पुरुषोत्तम चन्द्राकर, रायपुर।
- पंडित सुन्दरलाल शर्मा सम्मान – डॉ. बिहारीलाल साहू, रायगढ़।
- चक्रधर सम्मान – डॉ. एम. श्रीराम मूर्ति, रायपुर।
- दाऊ मंदराजी सम्मान – श्रीमती रेखा जलक्षत्री, रायपुर।
- लक्ष्मण मस्तुरिया सम्मान – श्रीमती साधना यादव, दुर्ग।
- देवदास बंजारे स्मृति पंथी नृत्य पुरस्कार – सी.एल. रात्रे, रायपुर।
- खुमान साव सम्मान – चंद्रभूषण वर्मा, रायपुर।
- लाला जगदलपुरी साहित्य पुरस्कार – दुर्गा प्रसाद पारकर, दुर्ग।
- संत रविदास सम्मान – जगदीश प्रसाद देशमुख, बालोद।
पत्रकारिता के क्षेत्र में चार पत्रकारों को सम्मान
पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पत्रकारों को भी राज्य अलंकरण प्रदान किया जाएगा।
हिन्दी प्रिंट मीडिया के लिए चन्दूलाल चन्द्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार प्रमोद कुमार साहू, रायपुर को दिया जाएगा। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया हिन्दी श्रेणी में यही पुरस्कार वरुण सखाजी और रसिका पाण्डेय को संयुक्त रूप से प्रदान किया जाएगा।
अंग्रेजी प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार शिशिर राय चौधरी, रायपुर को मिलेगा। वहीं रचनात्मक लेखन एवं हिन्दी भाषा के लिए पंडित माधवराव सप्रे राष्ट्रीय रचनात्मकता सम्मान वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक अनंत विजय, गाजियाबाद को प्रदान किया जाएगा।
खेल, कृषि, चिकित्सा और मत्स्य पालन में भी मिलेगा सम्मान
खेल के क्षेत्र में गुण्डाधूर सम्मान कोरबा की संजू देवी तथा महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान बालोद के टोमन कुमार को प्रदान किया जाएगा।
कृषि के क्षेत्र में डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार कबीरधाम के पुन्नी दास भट्ट को मिलेगा। आयुर्वेद चिकित्सा शिक्षा एवं शोध के लिए धन्वन्तरि सम्मान धमतरी के डॉ. दिनेश कुमार नाग तथा मत्स्य पालन के लिए श्रीमती बिलासाबाई केंवट मत्स्य विकास पुरस्कार बालोद के प्रदीप कुमार सोनी को प्रदान किया जाएगा।
संस्कृत, आदिवासी सेवा और श्रम क्षेत्र के योगदान को सम्मान
संस्कृत भाषा के लिए राजेश्री महंत वैष्णवदास जी महाराज संस्कृत भाषा सम्मान डॉ. बहुरन सिंह पटेल, रायपुर को दिया जाएगा।
आदिवासी सेवा एवं आर्थिक उत्थान के लिए डॉ. भंवरसिंह पोर्ते आदिवासी सेवा सम्मान नवा रायपुर स्थित श्री सत्य साई संजीवनी अस्पताल के श्री सी. श्रीनिवास को प्रदान किया जाएगा।
श्रम के क्षेत्र में स्व. रामानुज प्रताप सिंहदेव स्मृति श्रम यशस्वी पुरस्कार अंतरयामी सामल, अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड, यूनिट कुकुरडीह, बलौदाबाजार को मिलेगा। अपराध अनुसंधान के क्षेत्र में पंडित लखनलाल मिश्र सम्मान रायपुर के उप पुलिस अधीक्षक सुरेश कुमार ध्रुव को प्रदान किया जाएगा।
सिनेमा, पंडवानी और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी सम्मान
छत्तीसगढ़ अप्रवासी भारतीय सम्मान दंतेवाड़ा की दीपाली सरावगी को प्रदान किया जाएगा।
हिन्दी एवं छत्तीसगढ़ी सिनेमा में रचनात्मक योगदान के लिए किशोर साहू सम्मान सैयद ताहिर अली (करन खान) तथा निर्देशन के लिए किशोर साहू राष्ट्रीय अलंकरण मोहन सुंदरानी, रायपुर को दिया जाएगा।
पंडवानी कला के क्षेत्र में डॉ. तीजन बाई सम्मान दुर्ग के चेतन लाल देवांगन को प्रदान किया जाएगा। महिला उत्पीड़न के खिलाफ संघर्ष एवं नारी उत्थान के लिए माता बहादुर कलारिन सम्मान कांकेर की बुलबुल बैद्या को मिलेगा।
विधि के क्षेत्र में बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल सम्मान दिल्ली के कौस्तुभ शुक्ला और रायपुर के हेमन्त कुमार मिश्र को संयुक्त रूप से प्रदान किया जाएगा। वहीं ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए चेंदरू राज्य ग्रामीण पर्यटन पुरस्कार कबीरधाम के सत्येन्द्र कुमार उपाध्याय को दिया जाएगा।
नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगे राज्य अलंकरण: राजेश अग्रवाल
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि राज्य अलंकरण केवल व्यक्तियों और संस्थाओं का सम्मान नहीं, बल्कि उनके समर्पण, परिश्रम, प्रतिभा और सामाजिक उत्तरदायित्व का अभिनंदन है। छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, परंपराओं और साहित्य को संरक्षित रखने वाले कलाकारों, साहित्यकारों, पत्रकारों और समाजसेवियों का योगदान प्रदेश की अमूल्य धरोहर है।
उन्होंने सभी चयनित विभूतियों एवं संस्थाओं को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों को उत्कृष्ट कार्य करने और प्रदेश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करेंगी।
पत्रकार वार्ता के दौरान संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, संचालक संस्कृति विभाग डॉ. संजय कन्नौजे सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।