तिल्दा-नेवरा। मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना के तहत छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं को धार्मिक यात्रा का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रायपुर रेलवे स्टेशन से झारखंड के देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए विशेष तीर्थ-दर्शन ट्रेन रवाना की गई। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और उल्लास देखने को मिला। अपनी धार्मिक यात्रा को लेकर तीर्थयात्रियों में काफी खुशी रही। मंत्री टंकराम वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति में यात्रा का शुभारंभ किया गया।
बाबा बैद्यनाथ धाम में करेंगे पूजा-अर्चना
विशेष ट्रेन के माध्यम से छत्तीसगढ़ के श्रद्धालु झारखंड के देवघर पहुंचेंगे। यहां विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम में भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना करेंगे। बाबा बैद्यनाथ धाम देश के प्रमुख ज्योतिर्लिंगों में से एक है और प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना से मिल रहा धार्मिक यात्रा का अवसर
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा ने मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना के अंतर्गत आयोजित इस यात्रा में सहभागिता निभाई। इस योजना का उद्देश्य प्रदेश के पात्र वरिष्ठ नागरिकों एवं श्रद्धालुओं को प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराना है।
योजना के माध्यम से श्रद्धालुओं को धार्मिक और आध्यात्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिल रहा है। इससे उन्हें अपनी आस्था के अनुरूप तीर्थयात्रा करने और आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त करने में सहायता मिलती है।
जिला पंचायत अध्यक्ष सहित अतिथिगण रहे उपस्थित
ट्रेन को रवाना करने के अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल सहित अन्य अतिथिगण एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने तीर्थयात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।