ओ.पी. चौधरी ने सरिया क्षेत्र की विकास परियोजनाओं की समीक्षा की

रायपुर। वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने वर्चुअल माध्यम से सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरिया अंचल में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों से विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही सभी स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

विद्युत और पेयजल परियोजनाओं पर हुई चर्चा

समीक्षा बैठक में राजपुर 132 केवी विद्युत परियोजना, अमृत मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों और क्षेत्र में जल स्तर से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को विकास कार्यों की नियमित निगरानी करने और निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर करने के निर्देश दिए। जिन कार्यों के टेंडर जारी हो चुके हैं, उनकी प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर निर्माण शुरू करने पर भी जोर दिया गया।

100 बिस्तरों के अस्पताल और नर्सिंग कॉलेज की समीक्षा

बैठक में 100 बिस्तरों के अस्पताल के निर्माण और नर्सिंग कॉलेज की निर्माण प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई। वित्त मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और उनकी प्रगति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए।

सड़क निर्माण कार्य समय पर पूरा करने पर जोर

सरिया क्षेत्र में निर्माणाधीन सड़कों की स्थिति पर चर्चा करते हुए मंत्री ने कहा कि सभी स्वीकृत कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने संबंधित विभागों को कार्यों की अद्यतन जानकारी और आवश्यक अभिलेख तैयार रखने के निर्देश भी दिए।

बैठक में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), सारंगढ़, तहसीलदार सरिया एवं बरमकेला, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सरिया सहित जल संसाधन, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, लोक निर्माण, विद्युत विभाग और सीएसईबी के संबंधित अधिकारी शामिल रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *