मिलूपारा में केंद्रीय खेल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, 400 से अधिक विद्यार्थियों ने दिखाया दमखम

रायगढ़  । ग्रामीण अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और विद्यार्थियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अदाणी फाउंडेशन द्वारा ग्राम मिलूपारा स्थित आदर्श ग्राम्य भारती विद्यालय में केंद्रीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कबड्डी और खो-खो पर आधारित इस प्रतियोगिता में तमनार, धरमजयगढ़, मिलूपारा, पुसौर, धौराभांठा, लिब्रा और राजपुर सहित सात स्कूल क्लस्टरों के 400 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। खिलाड़ियों ने उत्साह, अनुशासन और टीम भावना के साथ अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

सात स्कूल क्लस्टरों के खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथियों श्री भंसीधर चौधरी, श्रीमती नंदिनी मनोज राय तथा पेलमा, गारे पेल्मा-तीन और लॉजिस्टिक्स विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में हुआ। कार्यक्रम में मिलूपारा के सरपंच श्री उद्धव भगत, उपसरपंच श्री सीताराम चौधरी, मंडल अध्यक्ष श्री सरोज बेहरा, श्री यादलाल नायक, श्री बबलू पटेल, श्री अशोक पटेल और श्री नित्यानंद सहित अदाणी समूह के प्रतिनिधि एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मैदान पर कबड्डी और खो-खो के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अपनी फुर्ती, रणनीति और सामूहिक तालमेल का प्रदर्शन किया। विभिन्न स्कूलों से आई बालक एवं बालिका टीमों ने जीत के लिए जोरदार प्रयास किए। कड़े मुकाबलों के बाद समापन समारोह में विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, स्मृति चिह्न और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को भी उपहार प्रदान किए गए।

खिलाड़ियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था

आयोजन में विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए अदाणी फाउंडेशन की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले बच्चों के लिए बस परिवहन की व्यवस्था की गई। इसके साथ ही, मैदान में संभावित चोट या आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सकीय टीम और प्राथमिक उपचार की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।

अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बच्चों के शारीरिक, मानसिक और व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास और आपसी सहयोग जैसे गुण विकसित होते हैं।

ग्रामीण बच्चों को प्रतिभा दिखाने का अवसर

पेलमा के साइट हेड ने कहा कि खेल शिक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है और वे स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित होते हैं।

वहीं, गारे पेल्मा-तीन के साइट हेड ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है, बल्कि उन्हें सही मंच और प्रोत्साहन देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अदाणी फाउंडेशन शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद के क्षेत्र में भी विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत है।

ग्रामीण विकास के साथ खेल संस्कृति को बढ़ावा

उल्लेखनीय है कि अदाणी फाउंडेशन ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और सामुदायिक बुनियादी ढांचे के विकास के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित करता है। इसी क्रम में खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने, प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव हासिल करने और टीम भावना विकसित करने का अवसर दिया जा रहा है।

मिलूपारा में आयोजित इस केंद्रीय खेल प्रतियोगिता ने ग्रामीण विद्यार्थियों को अपनी खेल क्षमता दिखाने का मंच प्रदान किया और क्षेत्र में खेलों के प्रति उत्साह को प्रोत्साहित किया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *