मुंबई । बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह की बहुचर्चित फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर 18 अक्टूबर 2026 को शाम सात बजे स्टार गोल्ड पर होगा। इस प्रीमियर के साथ दर्शकों को फिल्म को घर बैठे टेलीविजन पर देखने का मौका मिलेगा।
फिल्म का टेलीविजन प्रीमियर ‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म को मिली शानदार प्रतिक्रिया के बाद हो रहा है। पहली फिल्म ने अपने टेलीविजन प्रीमियर के दौरान महज चार घंटे में 5.3 करोड़ दर्शकों तक पहुंच बनाई थी। इस सफलता के बाद अब इसके दूसरे भाग को लेकर भी दर्शकों के बीच उत्सुकता है।
जियो स्टूडियोज द्वारा प्रस्तुत और बी62 स्टूडियोज के बैनर तले निर्मित ‘धुरंधर: द रिवेंज’ के लेखक, निर्देशक और निर्माता आदित्य धर हैं। फिल्म में रणवीर सिंह के साथ संजय दत्त, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल और सारा अर्जुन प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म का निर्माण ज्योति देशपांडे, आदित्य धर और लोकेश धर ने किया है, जबकि इसका संगीत शाश्वत सचदेव ने तैयार किया है।
एक्शन, रोमांच और दमदार अभिनय से भरपूर इस फिल्म का टेलीविजन प्रीमियर त्योहारी सीजन में दर्शकों के लिए खास पेशकश होगा। फिल्म 18 अक्टूबर को शाम सात बजे स्टार गोल्ड पर प्रसारित होगी।