रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि कार्टून केवल हास्य और मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, गंभीर विषयों को सहजता से जनमानस तक पहुंचाने और लोगों को सोचने एवं आत्ममंथन के लिए प्रेरित करने वाली सशक्त कला विधा है। एक प्रभावशाली कार्टून कई बार उन बातों को भी सरलता से व्यक्त कर देता है, जिन्हें हजारों शब्दों में समझाना कठिन होता है। मुख्यमंत्री बुधवार को राजधानी रायपुर में कार्टून वॉच पत्रिका द्वारा आयोजित कार्टून फेस्टिवल-2026 को संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने युवा कार्टूनिस्टों को अपनी रचनात्मकता और मौलिकता के दम पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व, नेतृत्व और सेवा यात्रा पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया गया। वहीं, जयपुर के प्रख्यात कार्टूनिस्ट अभिषेक तिवारी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
लोकतंत्र और समाज का सशक्त दर्पण है कार्टून
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि कला और साहित्य किसी भी समाज की चेतना के वाहक होते हैं। कार्टून ऐसी विशिष्ट कला है, जिसमें चित्र, विचार, हास्य और व्यंग्य का अनूठा समन्वय देखने को मिलता है। कार्टूनिस्ट अपनी सूक्ष्म दृष्टि और रचनात्मक सोच के माध्यम से सामाजिक घटनाओं, परिस्थितियों और विसंगतियों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करते हैं।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में कार्टून जनभावनाओं, जनअपेक्षाओं और सामाजिक सरोकारों को अभिव्यक्ति देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। यह लोगों को केवल हंसाता ही नहीं, बल्कि उन्हें समाज की वास्तविकताओं पर विचार करने के लिए भी प्रेरित करता है।
आर.के. लक्ष्मण के योगदान को किया याद
मुख्यमंत्री ने भारतीय कार्टून कला की समृद्ध परंपरा का उल्लेख करते हुए प्रख्यात कार्टूनिस्ट आर.के. लक्ष्मण के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि लक्ष्मण का प्रसिद्ध ‘कॉमन मैन’ भारतीय समाज के सामान्य नागरिक की आशाओं, अपेक्षाओं, चिंताओं और जिज्ञासाओं का प्रतीक बन गया।
स्वतंत्रता के बाद बदलते भारत और उसकी सामाजिक परिस्थितियों को कार्टून के माध्यम से जिस प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया गया, वह भारतीय पत्रकारिता और कार्टून कला की अमूल्य विरासत है।
युवा कार्टूनिस्टों से राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाने का आह्वान
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नई पीढ़ी के युवाओं में प्रतिभा, कल्पनाशीलता और तकनीक के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। डिजिटल माध्यमों के विस्तार से कलाकारों को अपनी रचनात्मकता प्रदर्शित करने के लिए नए मंच मिले हैं।
उन्होंने युवा कार्टूनिस्टों से अपनी मौलिकता और रचनात्मक दृष्टि को बनाए रखते हुए इन अवसरों का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा कलाकार अपनी प्रतिभा के माध्यम से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ की पहचान मजबूत कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने बस्तर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में कार्टून कला को प्रोत्साहित करने के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से दूरस्थ अंचलों की प्रतिभाओं को सामने आने और अपनी कला को विकसित करने का अवसर मिलता है।
अभिषेक तिवारी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड
कार्टून फेस्टिवल-2026 में जयपुर के प्रख्यात कार्टूनिस्ट अभिषेक तिवारी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि किसी कलाकार की वर्षों की साधना और रचनात्मक योगदान का सम्मान पूरी कला विधा का सम्मान है।
उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान स्थापित कलाकारों के योगदान को पहचान देने के साथ नई पीढ़ी को भी बेहतर कार्य करने और अपनी प्रतिभा निखारने की प्रेरणा देते हैं।
कार्टून वॉच पत्रिका के 30 वर्ष पूरे
मुख्यमंत्री ने कार्टून वॉच पत्रिका के प्रकाशन के 30 वर्ष पूरे होने और 31वें वर्ष में प्रवेश करने पर इसके संपादक त्र्यंबक शर्मा तथा पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि तीन दशकों तक कार्टून जैसी विशिष्ट रचनात्मक विधा को समर्पित पत्रिका का निरंतर प्रकाशन उल्लेखनीय उपलब्धि है। कार्टून वॉच ने देशभर के स्थापित और नए कार्टूनिस्टों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराया है। पत्रिका ने कार्टून कला के संरक्षण और संवर्धन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन
कार्यक्रम के दौरान सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व, नेतृत्व और सेवा यात्रा पर आधारित कार्टून कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया गया।
मुख्यमंत्री साय ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कार्टून के माध्यम से किसी व्यक्तित्व की यात्रा और उसके विभिन्न पहलुओं को प्रस्तुत करना अभिव्यक्ति का एक रोचक एवं विशिष्ट तरीका है।
बृजमोहन अग्रवाल ने भी कार्टून कला के महत्व को सराहा
कार्यक्रम में उपस्थित लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि कार्टून के माध्यम से समाज के गंभीर और संवेदनशील विषयों को व्यंग्य के जरिए सरलता से प्रस्तुत किया जा सकता है।
उन्होंने कार्टून कला के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए त्र्यंबक शर्मा के प्रयासों की सराहना की और कार्टून वॉच पत्रिका के 30 वर्ष पूरे होने पर पूरी टीम को बधाई दी।
कला और रचनात्मक संवाद को बढ़ावा देने पर जोर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ अपनी समृद्ध कला, संस्कृति, साहित्य और रचनात्मक परंपराओं के लिए जाना जाता है। राज्य सरकार इन परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन के साथ कलाकारों एवं रचनाकारों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने विश्वास जताया कि कार्टून फेस्टिवल जैसे आयोजन स्थापित कलाकारों के अनुभव और युवा प्रतिभाओं की ऊर्जा को एक मंच पर लाकर कला एवं समाज के बीच संवाद को मजबूत करेंगे।
कार्यक्रम में कार्टून वॉच के संपादक त्र्यंबक शर्मा, हिमांशु द्विवेदी सहित जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ पत्रकार, देश के विभिन्न हिस्सों से आए कार्टूनिस्ट, कलाकार और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।