रायपुर: सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का गंभीरता से करें निराकरण, मुख्य सचिव विकासशील ने दिए निर्देश

रायपुर । छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव श्री विकासशील ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि शिकायतों का समाधान केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि संबंधित नागरिकों की समस्याओं का वास्तविक निराकरण सुनिश्चित किया जाना चाहिए। इसके लिए आवश्यकतानुसार समस्याओं का भौतिक सत्यापन कर जवाबदेही के साथ कार्रवाई की जाए।

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में सोमवार को मंत्रालय महानदी भवन, रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय उच्चाधिकारियों की समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, कार्यक्रमों और महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में धान खरीदी नीति, जल जीवन मिशन, डिजिटल क्रॉप सर्वे सहित कई अहम विषयों पर चर्चा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

सीएम हेल्पलाइन की करीब दो लाख शिकायतें दर्ज

मुख्य सचिव श्री विकासशील ने बताया कि राज्य में सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से अब तक लगभग दो लाख शिकायतें दर्ज की जा चुकी हैं। उन्होंने सभी विभागों को इन शिकायतों की नियमित समीक्षा करने और उनके निराकरण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए जरूरत पड़ने पर मौके पर जाकर भौतिक सत्यापन किया जाए। साथ ही, शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग कर यह सुनिश्चित किया जाए कि नागरिकों को समय पर राहत मिले और उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान हो।

धान खरीदी नीति और जल जीवन मिशन की तैयारियों पर जोर

बैठक में आगामी धान खरीदी के लिए नीति तैयार करने तथा जल जीवन मिशन से संबंधित नीति के शेष बिंदुओं को समय पर पूरा करने पर चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों को आवश्यक पहलुओं की समीक्षा कर कमियों को दूर करने और व्यवस्थित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने जल उपयोगिता से जुड़े विषयों पर भी विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।

डिजिटल क्रॉप सर्वे और विभागीय योजनाओं की समीक्षा

बैठक में डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके अलावा प्लानिंग एरिया में अनुमति, टीएसपी एक्ट और संबंधित प्रावधानों पर भी चर्चा की गई।

पारस पोर्टल के अंतर्गत शामिल एजेंडा बिंदुओं की समीक्षा के साथ आधारभूत संरचना से जुड़ी परियोजनाओं को बिना अनावश्यक देरी के आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया। जल जीवन मिशन और अमृत 2.0 सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। पेंशन एवं प्रशिक्षण से संबंधित विषयों पर अधिकारियों से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

भर्ती प्रस्ताव समय पर भेजने के निर्देश

मुख्य सचिव ने कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया को सुचारु बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों को अपनी आवश्यकताओं और भर्ती प्रस्तावों का सावधानीपूर्वक परीक्षण कर समय पर भेजने के निर्देश दिए।

बैठक में सेवा सेतु, नियामकीय प्रावधानों तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के दायरे से बाहर रह गई प्रेडिसेसर सर्विसेज को इसके अंतर्गत शामिल करने की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई।

नवा रायपुर में विकसित होगा आधुनिक बॉटनिकल गार्डन

बैठक में नवा रायपुर में प्रस्तावित बॉटनिकल गार्डन के सुनियोजित विकास और बेहतर प्रबंधन पर भी विशेष चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने आधुनिक तकनीकों, आकर्षक लैंडस्केपिंग, हरित क्षेत्रों के प्रभावी प्रबंधन और पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाओं से जुड़े उपयोगी पहलुओं का अध्ययन कर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए बॉटनिकल गार्डन को आकर्षक स्वरूप देने और इसके बेहतर संचालन पर जोर दिया। इसके साथ ही जंगल सफारी के प्रबंधन, संचालन और पर्यटक सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए गए।

विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

समीक्षा बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव श्रीमती ऋचा शर्मा सहित विधि एवं विधायी, नगरीय प्रशासन, खनिज साधन, वित्त, कृषि, खाद्य, स्वास्थ्य, गृह, राजस्व, लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, जल संसाधन, ऊर्जा, पर्यटन, परिवहन, श्रम और अन्य विभागों के प्रमुख सचिव एवं सचिव शामिल हुए।

बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को योजनाओं की प्रगति में तेजी लाने, लंबित विषयों का समयबद्ध निराकरण करने और प्रशासनिक कार्यों में जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *