रायपुर । सूरजपुर जिले के भटगांव विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत निर्मित सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर मंत्री एवं भटगांव विधायक श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कड़ा रुख अपनाया है। ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से सड़क की खराब स्थिति तथा आवागमन में हो रही परेशानियों की जानकारी मिलने के बाद मंत्री ने सूरजपुर कलेक्टर को पत्र लिखकर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
सड़कों का निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का आकलन करने के निर्देश
मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने अपने पत्र में कहा है कि नई निर्मित सड़कों की खराब हालत के कारण ग्रामीणों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई सूची में शामिल सड़कों का निरीक्षण कर उनकी वास्तविक स्थिति का आकलन करने और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने को कहा है।
गारंटी अवधि में ठेकेदारों से कराई जाएगी मरम्मत
मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि गारंटी अवधि के अंतर्गत आने वाली सड़कों की मरम्मत संबंधित ठेकेदारों से अनुबंध की शर्तों के अनुसार कराई जाए। मरम्मत कार्य जल्द शुरू करने के साथ-साथ उसकी गुणवत्ता पर भी विशेष निगरानी रखने को कहा गया है, ताकि ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा मिल सके।
लापरवाही पर अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ होगी कार्रवाई
श्रीमती राजवाड़े ने कहा है कि सड़कों की मरम्मत में अनावश्यक देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कार्य में लापरवाही पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कलेक्टर को की गई कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं।
ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता
मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अच्छी सड़कों की उपलब्धता लोगों के दैनिक आवागमन और आवश्यक सेवाओं तक पहुंच के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। सरकारी योजनाओं के तहत निर्मित सड़कों की गुणवत्ता बनाए रखना और समय पर रखरखाव सुनिश्चित करना संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और जवाबदेही से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। पीएमजीएसवाई के तहत निर्मित सड़कों की स्थिति में सुधार लाने और ग्रामीणों को राहत पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।