लाहौर । पाकिस्तान में खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के राजनीतिक हालात को देखते हुए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने प्रेसिडेंट्स ट्रॉफी ग्रेड-1 के कुछ मुकाबलों को पेशावर और एबटाबाद से दूसरे शहरों में स्थानांतरित कर दिया है। अब इन मैचों का आयोजन लाहौर और शेखूपुरा में किया जाएगा।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पाकिस्तान की संघीय सरकार द्वारा प्रांत में आपातकाल लागू करने और गवर्नर शासन की घोषणा के बाद पीसीबी ने यह फैसला लिया। यह टूर्नामेंट पाकिस्तान के घरेलू क्रिकेट कैलेंडर का महत्वपूर्ण प्रथम श्रेणी आयोजन है।
इस्लामाबाद और रावलपिंडी में मुकाबले जारी रहेंगे
टूर्नामेंट के बाकी मुकाबले इस्लामाबाद और रावलपिंडी में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार खेले जाएंगे। पीसीबी के आधिकारिक मैच कार्यक्रम के मुताबिक, 12 अक्टूबर से छठे दौर के मुकाबले शुरू होने हैं। बदले हुए कार्यक्रम में 14 अक्टूबर को शेखूपुरा और लाहौर में मुकाबले निर्धारित हैं।
इस सत्र की प्रेसिडेंट्स ट्रॉफी में आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता में राउंड-रॉबिन चरण के बाद शीर्ष दो टीमें खिताबी मुकाबले में आमने-सामने होंगी। टूर्नामेंट का फाइनल 24 से 28 अक्टूबर तक प्रस्तावित है, जबकि फाइनल के आयोजन स्थल की घोषणा बाद में की जानी है।
मैचों के स्थान में बदलाव से टूर्नामेंट के कार्यक्रम पर असर पड़ा है, हालांकि अन्य शहरों में मुकाबले निर्धारित योजना के अनुसार जारी रखने की बात कही गई है।