रायपुर । छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने सरगुजा संभागीय मुख्यालय अंबिकापुर में सरगुजा और सूरजपुर जिले के अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर विभिन्न विकास कार्यों और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई।
उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने, योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपनी जिम्मेदारी को समझें और गंभीरता एवं सक्रियता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर
श्री साव ने अधिकारियों को स्वीकृत कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने और विकास कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यों को गति देने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का वास्तविक उद्देश्य आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसलिए योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने अधिकारियों को कार्यालयीन व्यवस्था में सुधार, साफ-सफाई और योजनाओं का लाभ सीधे आम लोगों तक पहुंचाने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।
पीएम आवास के निर्माण कार्य अक्टूबर तक पूरे करने के निर्देश
नगरीय क्षेत्रों में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान उप मुख्यमंत्री ने नगरीय निकायों की योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग करने तथा जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर किसी भी जिले और प्रदेश की पहचान होते हैं, इसलिए नगरीय व्यवस्था और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
श्री साव ने निर्देश दिए कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्य तत्काल शुरू किए जाएं और प्रगतिरत कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) को प्राथमिकता का कार्य बताते हुए सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को अक्टूबर माह तक निर्माणाधीन आवासों का काम पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना, अधोसंरचना मद, स्वच्छ भारत मिशन (शहरी), प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), 15वें वित्त आयोग और रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सहित विभिन्न योजनाओं की भी समीक्षा की गई। उप मुख्यमंत्री ने राजस्व संग्रहण कार्य की हर माह समीक्षा करने के निर्देश दिए।
त्योहारों से पहले सड़कों की मरम्मत पूरी करने पर जोर
लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए श्री साव ने भवनों, सड़कों, पुल-पुलियों और अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने बरसात के बाद सड़कों की मरम्मत के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आने वाला समय त्योहारों का है, इसलिए सड़कों की मरम्मत समय-सीमा में पूरी की जाए, ताकि लोगों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी और लापरवाही पर रोक लगाने तथा कार्ययोजना बनाकर काम करने के निर्देश दिए।
पेयजल व्यवस्था की नियमित निगरानी के निर्देश
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा के दौरान उप मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन सहित विभिन्न पेयजल योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने पेयजल व्यवस्था सुचारू बनाए रखने, जल स्रोतों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और पेयजल से जुड़ी समस्याओं का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने तथा पेयजल अधोसंरचनाओं के रखरखाव और योजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
प्राथमिक शालाओं में खेल गतिविधियां बढ़ाने के निर्देश
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान श्री साव ने खेल अधोसंरचना और युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए संचालित कार्यक्रमों की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्राथमिक शालाओं में खेल गतिविधियां बढ़ाने के निर्देश दिए।
उन्होंने खेल अधिकारियों को जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और शिक्षा विभाग के साथ समन्वय कर कार्ययोजना तैयार करने को कहा। स्कूलों के संकुलवार एक-एक पीटीआई को खेल गतिविधियों के संचालन के लिए चिन्हांकित करने के निर्देश भी दिए।
उप मुख्यमंत्री ने सरगुजा ओलंपिक के लिए चल रहे पंजीयन की भी समीक्षा की। उन्होंने प्रतियोगिता का व्यापक प्रचार-प्रसार करने, खेल संघों और खेल से जुड़े लोगों को अभियान से जोड़ने तथा अधिक से अधिक युवाओं को इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित करने को कहा।
श्री साव ने कहा कि खेल युवाओं में स्वास्थ्य, अनुशासन, आत्मविश्वास, रचनात्मकता और टीम भावना विकसित करता है। इसलिए स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाने चाहिए।
बैठक में सरगुजा कलेक्टर श्री अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल, सूरजपुर कलेक्टर श्रीमती रेना जमील, सरगुजा जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री रोमा श्रीवास्तव, सूरजपुर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विजेंद्र सिंह पाटले और अंबिकापुर नगर निगम आयुक्त श्री विनय कुमार अग्रवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।