प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, सुशासन और जनकल्याण को समर्पित: मुख्यमंत्री साय

रायपुर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर राजधानी रायपुर के बलवीर सिंह जुनेजा इनडोर स्टेडियम में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ समारोह आयोजित किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। इस दौरान ‘नमो सेवा गाथा’ लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी के संघर्ष, सेवा और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणादायी यात्रा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि 7 अक्टूबर देश के सार्वजनिक जीवन में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। प्रधानमंत्री मोदी ने लगभग 13 वर्ष गुजरात के मुख्यमंत्री और 12 वर्ष से अधिक समय से देश के प्रधानमंत्री के रूप में सेवा की है। उनकी यह यात्रा सेवा, सुशासन, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण की प्रेरक गाथा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए भारत को समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य किया है। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूलमंत्र के साथ गरीब, किसान, युवा, महिला और वंचित वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया गया है।

विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। विकसित भारत के निर्माण के साथ छत्तीसगढ़ को भी विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए जनभागीदारी आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान में सेवा, स्वच्छता, सामाजिक सरोकार और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

युवाओं के लिए प्रेरणा है प्रधानमंत्री की जीवन यात्रा

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘नमो सेवा गाथा’ ने प्रधानमंत्री मोदी के जीवन के संघर्ष, अनुशासन, सेवा भावना और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जीवंत किया। सामान्य परिस्थितियों से आगे बढ़कर देश का नेतृत्व करने तक की उनकी यात्रा युवाओं के लिए प्रेरणादायी है।

उन्होंने कहा कि मजबूत संकल्प और जनसेवा के उद्देश्य के साथ बड़ी से बड़ी चुनौती को अवसर में बदला जा सकता है। प्रधानमंत्री का जीवन युवाओं को परिश्रम, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का संदेश देता है।

बस्तर में शांति और विकास का नया अध्याय

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प, सुरक्षा बलों के साहस तथा स्थानीय जनता के सहयोग से नक्सलवाद के खिलाफ अभियान को ऐतिहासिक सफलता मिली है। बस्तर में अब शांति और विकास का नया दौर शुरू हुआ है।

उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में कभी विकास पहुंचना कठिन था, वहां अब सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार और शासन की योजनाएं पहुंच रही हैं। सरकार का लक्ष्य बस्तर के प्रत्येक नागरिक को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना और युवाओं को शिक्षा, कौशल, रोजगार तथा उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराना है।

किसान और महिला सशक्तिकरण पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की समृद्धि राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार कृषि को आधुनिक तकनीक से जोड़ने, किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है।

महिला सशक्तिकरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की लगभग 68 लाख पात्र महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना के तहत अब तक 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्रदान की जा चुकी है। इससे महिलाओं का आर्थिक स्वावलंबन और परिवार में उनकी निर्णयकारी भूमिका मजबूत हुई है।

छत्तीसगढ़ में रेल कनेक्टिविटी का विस्तार

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में अधोसंरचना और रेल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है। प्रदेश में रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए लगभग 51 हजार करोड़ रुपये के कार्य चल रहे हैं।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत राज्य के 32 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ दूरस्थ क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और उद्योग, व्यापार, पर्यटन तथा रोजगार को भी गति मिलेगी।

6,691 जनजातीय गांवों में विकास कार्य

मुख्यमंत्री ने बताया कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के 6,691 जनजातीय गांवों में आवास, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली और आजीविका जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज प्रदेश की संस्कृति और परंपराओं का गौरव है। सरकार का प्रयास है कि जनजातीय क्षेत्र विकास की यात्रा में सहभागी बनने के साथ प्रदेश की प्रगति के प्रमुख केंद्र बनें।

निवेश के नए अवसरों से छत्तीसगढ़ को मिलेगी गति

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारत के प्रति वैश्विक स्तर पर बढ़े विश्वास का लाभ छत्तीसगढ़ को भी मिल रहा है। नई औद्योगिक विकास नीति और निवेश-अनुकूल वातावरण के माध्यम से राज्य को प्रमुख निवेश गंतव्य के रूप में विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

अपने हालिया सिंगापुर दौरे का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि वहां उद्योग जगत के साथ हुई चर्चाओं में छत्तीसगढ़ के प्रति निवेशकों में उत्साह देखने को मिला। 15 बड़ी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने वन-टू-वन चर्चा के दौरान राज्य में निवेश में रुचि दिखाई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन निवेश प्रस्तावों से उद्योगों के साथ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ को आधुनिक उद्योग, तकनीक और नवाचार के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है।

सांसद और मंत्री ने भी गिनाईं उपलब्धियां

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विकास, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा की दिशा में आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत-2047 का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से पूरा होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेशवासियों की ओर से बधाई दी।

कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश रक्षा, अर्थव्यवस्था, अधोसंरचना, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण के क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ा है। उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

कार्यक्रम में विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, पूर्व महिला आयोग अध्यक्ष हर्षिता पाण्डेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *