‘वोट चोरी’ के आरोपों पर INDIA गठबंधन का प्रदर्शन तेज, खरगे-राहुल ने फिर मांगा ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा

नई दिल्ली  | कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस के नेतृत्व वाले INDIA गठबंधन ने अपना विरोध तेज कर दिया है। चुनाव आयोग के कार्यालय के पास प्रदर्शन के एक दिन बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को गठबंधन के सांसदों और वरिष्ठ नेताओं के लिए लंच का आयोजन किया।

जनपथ रोड स्थित एक रेस्तरां में आयोजित इस बैठक में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा समेत INDIA गठबंधन के कई सांसद और नेता शामिल हुए।

खरगे बोले- प्रदर्शन जारी रहेगा

लंच के बाद मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्ष का प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतंत्र को कमजोर करने और लोगों के अधिकार छीनने की कोशिश की जा रही है।

खरगे ने कहा कि विपक्ष अपनी बात पूरे देश तक पहुंचाएगा और INDIA गठबंधन मिलकर इस मुद्दे पर संघर्ष करेगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष डरने वाला नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए लड़ने वाला है।

राहुल गांधी ने फिर उठाई इस्तीफे की मांग

राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ दर्ज मामलों की संख्या को लेकर वह दबाव में नहीं हैं और जरूरत पड़ने पर और मामले दर्ज किए जाने की चुनौती भी दी।

राहुल गांधी ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त देश के लोकतंत्र को नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और RSS प्रमुख मोहन भागवत पर भी इस मुद्दे को लेकर आरोप लगाए।

जंतर-मंतर जाने की तैयारी

राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष मंगलवार को चुनाव आयोग जाना चाहता था, लेकिन अब सांसद जंतर-मंतर जाएंगे। उन्होंने संकेत दिया कि ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर विपक्ष का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

सूत्रों के मुताबिक, INDIA गठबंधन इस मामले को लेकर राष्ट्रपति से मुलाकात का समय मांगने की भी तैयारी कर रहा है।

विपक्षी गठबंधन लगातार मतदाता सूची और कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर चुनाव आयोग से जवाबदेही की मांग कर रहा है। वहीं, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर राजनीतिक टकराव और तेज होने के संकेत हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *