सिंगापुर से छत्तीसगढ़ को 43,600 करोड़ के निवेश प्रस्ताव, स्किल डेवलपमेंट के लिए ITE से हुआ एमओयू

रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सिंगापुर यात्रा छत्तीसगढ़ के लिए निवेश, कौशल विकास और तकनीकी साझेदारी के लिहाज से महत्वपूर्ण रही। यात्रा के दौरान प्रदेश को कुल 43,600 करोड़ के एफडीआई निवेश प्रस्ताव मिले हैं। वहीं, युवाओं को उद्योगों की जरूरत के मुताबिक प्रशिक्षित करने के लिए सिंगापुर की ITE Education Services के साथ समझौता किया गया है।

इसके अलावा एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग सेक्टर में 350 करोड़ के नए निवेश प्रस्ताव से किसानों की उपज के मूल्य संवर्धन और स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।

युवाओं को उद्योगों की जरूरत के मुताबिक मिलेगा प्रशिक्षण

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में छत्तीसगढ़ सरकार और ITE Education Services, Singapore के बीच तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण के लिए एमओयू हुआ।

मुख्यमंत्री और प्रतिनिधिमंडल ने ITE कॉलेज का दौरा कर वहां के उद्योग आधारित प्रशिक्षण मॉडल को भी समझा। सिंगापुर में Cisco, BYD और Singapore Airlines जैसी कंपनियां ITE कॉलेजों के साथ मिलकर पाठ्यक्रम तैयार करने, प्रशिक्षण देने और आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने में सहयोग करती हैं।

छत्तीसगढ़ में भी इसी तरह उद्योगों की जरूरत के अनुसार पाठ्यक्रम तैयार करने, प्रशिक्षकों को बेहतर प्रशिक्षण देने और युवाओं को रोजगार के लिए तैयार करने पर जोर दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि निवेश से उद्योग आते हैं और कुशल युवा उन उद्योगों की ताकत बनते हैं। सरकार का प्रयास है कि छत्तीसगढ़ में आने वाले उद्योगों को उनकी जरूरत के मुताबिक कुशल युवा प्रदेश में ही उपलब्ध हों।

350 करोड़ से बनेगा एग्रो और फूड प्रोसेसिंग हब

मुख्यमंत्री साय ने सिंगापुर की Valency International Pte Ltd को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित किया। कंपनी ने प्रदेश में करीब 350 करोड़ के निवेश से इंटीग्रेटेड एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट हब स्थापित करने का प्रस्ताव दिया है।

इस हब में काजू, तिल, दलहन और मूंगफली जैसी कृषि उपज की प्रोसेसिंग की जाएगी। इससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलने, स्थानीय स्तर पर वैल्यू एडिशन होने और नए बाजारों तक पहुंच बढ़ने की संभावना है।

इसके साथ ही प्रोसेसिंग, पैकेजिंग और निर्यात से जुड़े क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

सिंगापुर के विदेश मंत्री से मुख्यमंत्री की मुलाकात

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिंगापुर के विदेश मंत्री डॉ. विवियन बालाकृष्णन से मुलाकात की। दोनों के बीच छत्तीसगढ़ और सिंगापुर के बीच निवेश, कौशल विकास, शहरी नियोजन और तकनीक के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने सिंगापुर की विशेषज्ञता और अनुभव का लाभ छत्तीसगढ़ के विकास में लेने की संभावनाओं पर भी चर्चा की।

15 से अधिक वैश्विक कंपनियों से निवेश पर बातचीत

सिंगापुर में आयोजित CEO राउंडटेबल में मुख्यमंत्री साय ने 15 से अधिक वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों से बातचीत की। इनमें TCS, SMBC, Tolaram Group, Agrocorp, Indian Ocean Group और Blue Aqua जैसी कंपनियां शामिल थीं।

बैठक में टेक्नोलॉजी, बैंकिंग, एग्रीबिजनेस, एक्वाकल्चर और फूड सेक्टर में निवेश एवं साझेदारी की संभावनाओं पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कंपनियों को छत्तीसगढ़ की निवेश-अनुकूल नीतियों और कारोबारी माहौल की जानकारी दी।

AI और डिजिटल फाइनेंस में प्रशिक्षण पर जोर

मुख्यमंत्री ने Global Finance & Technology Network (GFTN) के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठक की। इसमें छत्तीसगढ़ के युवाओं को AI और डिजिटल फाइनेंस में प्रशिक्षण देने, प्रदेश के स्टार्टअप्स को वैश्विक निवेशकों से जोड़ने और नई तकनीकों के लिए टेक लैब स्थापित करने में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

बैठक में GFTN के ग्रुप सीईओ Sopnendu Mohanty, इंडिया, एशिया, जापान एवं ASEAN के सीईओ James Boey और चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर Anthony Thomas सहित उनकी टीम मौजूद रही।

SING Forum 2026 में भी शामिल हुआ छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ ने विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के नामांकन पर Singapore-India Network for Growth (SING) Forum 2026 में भी भाग लिया। इस दौरान प्रदेश ने निवेश, कौशल विकास, तकनीक और वैश्विक साझेदारी के क्षेत्र में अपनी संभावनाएं प्रस्तुत कीं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सिंगापुर यात्रा के दौरान हुए एमओयू, निवेश प्रस्तावों और वैश्विक कंपनियों के साथ हुई चर्चाओं से छत्तीसगढ़ के लिए निवेश और रोजगार के नए अवसर खुलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री और प्रतिनिधिमंडल की 7 अक्टूबर को रायपुर वापसी प्रस्तावित है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *