किरंदुल। नगर में लगातार बढ़ रही आवारा कुत्तों की समस्या को देखते हुए नगरपालिका प्रशासन ने अब कार्रवाई शुरू कर दी है। नगरपालिका अध्यक्ष रूबी शैलेंद्र सिंह की पहल पर शहर के विभिन्न वार्डों और मुख्य मार्गों में घूम रहे आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
नगर के कई इलाकों में आवारा कुत्ते झुंड के रूप में घूमते नजर आ रहे थे। इससे राहगीरों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। साथ ही, अचानक कुत्तों के सड़क पर आने से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती थी।
समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगरपालिका प्रशासन की टीम ने आवारा कुत्तों को पकड़ने की कार्रवाई शुरू की है। पकड़े गए कुत्तों को व्यवस्थित और सुरक्षित स्थान पर ले जाने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
नागरिकों से सूचना देने की अपील
नगरपालिका प्रशासन ने किरंदुलवासियों से अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में आवारा कुत्तों का झुंड या बड़ी संख्या में कुत्ते दिखाई दें तो इसकी सूचना तत्काल नगरपालिका को दें। नागरिक नगरपालिका अध्यक्ष, संबंधित वार्ड पार्षद, मुख्य नगर पालिका अधिकारी या नगरपालिका कर्मचारियों को स्थान की जानकारी दे सकते हैं।
प्रशासन का कहना है कि नागरिकों से प्राप्त सूचना के आधार पर संबंधित क्षेत्रों में समय पर कार्रवाई की जाएगी, ताकि शहर में आवारा कुत्तों की समस्या को नियंत्रित किया जा सके और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।