जोहांसबर्ग में भारत-पाकिस्तान महामुकाबला, वांडरर्स की पिच पर पहले 10 ओवर होंगे गेमचेंजर

जोहांसबर्ग। क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले बहुप्रतीक्षित मुकाबले को लेकर अभी से रोमांच बढ़ गया है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला अगले साल 10 अक्टूबर को जोहांसबर्ग के ऐतिहासिक वांडरर्स स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच से करीब एक साल पहले ही पिच को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।

वांडरर्स की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है। यहां बड़े स्कोर बनने का इतिहास रहा है। इसी मैदान पर दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2006 में 435 रनों के लक्ष्य का सफल पीछा किया था। इसके अलावा 2015 में दक्षिण अफ्रीका ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 439 रन बनाए थे।

शुरुआत के 10 ओवर अहम

भले ही वांडरर्स में बड़े स्कोर बनते हों, लेकिन मैच के शुरुआती 10 ओवर बल्लेबाजों के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो सकते हैं। नई गेंद से यहां स्विंग और उछाल मिलने की संभावना रहती है। तेज गेंदबाज पिच की गति का फायदा उठाकर बल्लेबाजों को परेशान कर सकते हैं।

आंकड़ों के मुताबिक, शुरुआती 10 ओवरों में यहां बल्लेबाजों को संभलकर खेलना पड़ता है। इसके बाद जैसे-जैसे गेंद पुरानी होती है, बल्लेबाजी अपेक्षाकृत आसान हो जाती है और रन बनाने के मौके बढ़ जाते हैं।

हालिया मुकाबले से मिला संकेत

27 सितंबर को दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए वनडे मुकाबले में भी वांडरर्स की यही तस्वीर देखने को मिली। दक्षिण अफ्रीका ने शुरुआती 10 ओवरों में 51 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे, लेकिन इसके बाद बल्लेबाजों ने तेजी से रन बनाए और टीम ने 9 विकेट पर 365 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने भी 333 रन बनाए। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि शुरुआती चुनौती से निकलने के बाद इस मैदान पर बल्लेबाजों के लिए रन बनाना काफी आसान हो जाता है।

भारत के लिए क्या होगा चुनौती?

भारत अगर पाकिस्तान के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करता है तो शुरुआती ओवरों में पाकिस्तानी तेज गेंदबाजों से सतर्क रहना होगा। स्विंग, गति और उछाल का फायदा उठाते हुए पाकिस्तान के पेसर भारतीय शीर्ष क्रम की परीक्षा ले सकते हैं।

हालांकि, अगर भारतीय बल्लेबाज शुरुआती 10 ओवर बिना ज्यादा नुकसान के निकाल लेते हैं, तो इसके बाद बड़ा स्कोर बनाने का रास्ता खुल सकता है।

वहीं, अगर भारत को दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने का मौका मिलता है तो परिस्थितियां उसके लिए कुछ आसान हो सकती हैं। हालिया मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका के 366 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए शुरुआती 10 ओवर में बिना विकेट गंवाए 77 रन बना लिए थे।

ऐसे में वर्ल्ड कप 2027 का भारत-पाकिस्तान मुकाबला सिर्फ दोनों टीमों के बल्लेबाजों और गेंदबाजों की टक्कर नहीं होगा, बल्कि वांडरर्स की शुरुआती 10 ओवर की परिस्थितियां भी मैच का रुख तय करने में अहम भूमिका निभा सकती हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *