तिल्दा-नेवरा। क्षेत्रवासियों को बेहतर और सुविधाजनक परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिला परिवहन कार्यालय के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया गया। कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप एवं राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष आनंद यादव, प्रदेश प्रवक्ता प्रमोद शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आकांक्षा जायसवाल सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
एक ही स्थान पर मिलेंगी परिवहन संबंधी सेवाएं
लोकार्पण के अवसर पर राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए जिला परिवहन कार्यालय से क्षेत्र के लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। यहां वाहन पंजीयन, ड्राइविंग लाइसेंस, परमिट सहित परिवहन से जुड़े विभिन्न आवश्यक दस्तावेजों के निर्माण और नवीनीकरण की सेवाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने कहा कि परिवहन से संबंधित सेवाएं अब लोगों को एक ही स्थान पर सरल, सुगम और व्यवस्थित तरीके से उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है। इससे आम नागरिकों को विभिन्न कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानी और समय की बचत होगी।
बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर जोर
मंत्री वर्मा ने कहा कि सरकार प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में बुनियादी ढांचे और जन-सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आधुनिक कार्यालय भवनों के निर्माण से सरकारी सेवाओं की पहुंच और व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने भी नए भवन को क्षेत्र के लिए उपयोगी सौगात बताते हुए परिवहन सेवाओं के अधिक सुचारू संचालन की उम्मीद जताई। नवनिर्मित भवन के शुरू होने से तिल्दा-नेवरा और आसपास के क्षेत्र के लोगों को परिवहन विभाग से जुड़े कार्यों के लिए बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।