सलमान की ‘मातृभूमि’ से ‘रामायण’ और ‘किंग’ की बढ़ी टेंशन, बॉक्स ऑफिस पर होगा बड़ा क्लैश!

मुंबई । सलमान खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मातृभूमि: May War Rest in Peace’ की रिलीज को लेकर हलचल तेज हो गई है। फिल्म को सरकार की ओर से नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) मिल चुका है और अब इसी सप्ताह केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) फिल्म को देख सकता है। इसके साथ ही फिल्म की संभावित रिलीज डेट को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक मेकर्स 13 नवंबर या फिर 25 दिसंबर 2026 को फिल्म रिलीज करने पर विचार कर रहे हैं। हालांकि, निर्माताओं की ओर से अभी तक रिलीज डेट की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

‘रामायण’ के एक हफ्ते बाद रिलीज हुई तो बढ़ेगी टक्कर

यदि ‘मातृभूमि’ को 13 नवंबर को रिलीज किया जाता है, तो इसका सीधा मुकाबला रणबीर कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ के साथ देखने को मिल सकता है। रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि ‘मातृभूमि’ अगर ‘रामायण’ के एक सप्ताह बाद सिनेमाघरों में पहुंचती है, तो यह फिल्म के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन को प्रभावित कर सकती है।

वहीं, अगर सलमान खान की फिल्म को क्रिसमस के मौके पर रिलीज किया जाता है, तो इसका असर शाहरुख खान की ‘किंग’ पर पड़ सकता है। ऐसे में साल के सबसे बड़े बॉक्स ऑफिस क्लैश में सलमान और शाहरुख की फिल्मों के बीच मुकाबला देखने को मिल सकता है।

हालांकि, इन दोनों संभावित रिलीज डेट को लेकर मेकर्स की तरफ से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ की बॉक्स ऑफिस पर दमदार शुरुआत

इस बीच अजय देवगन की ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिपोर्ट के अनुसार फिल्म ने अपने पहले वीकेंड में भारत में 176.50 करोड़ रुपये नेट कमाए, जबकि इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन 272.80 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।

फिल्म ने पहले दिन 74.40 करोड़, दूसरे दिन 64.20 करोड़ और तीसरे दिन 73.20 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इस प्रदर्शन के साथ ‘दृश्यम 3’ बॉलीवुड की सबसे बड़ी ओपनिंग वीकेंड वाली फिल्मों में शामिल हो गई है।

‘हनुमान अंश’ की नजर ‘बॉर्डर 2’ के रिकॉर्ड पर

‘हनुमान अंश’ भी बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए हुए है। रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म ने रिलीज के 57वें दिन 2.25 करोड़ रुपये की कमाई की, जिसके बाद इसका घरेलू कलेक्शन 319.63 करोड़ रुपये पहुंच गया है।

अब फिल्म की नजर ‘बॉर्डर 2’ के 329.43 करोड़ रुपये के लाइफटाइम कलेक्शन पर है। करीब 10 करोड़ रुपये और कमाने के साथ ‘हनुमान अंश’ 2026 की दूसरी सबसे बड़ी हिंदी ग्रॉसर बन सकती है। इस सूची में ‘धुरंधर 2’ फिलहाल शीर्ष पर है।

नुसरत भरूचा एयर एंबुलेंस से मुंबई पहुंचीं

एक्ट्रेस नुसरत भरूचा बाली में हुए एक हादसे में घायल हो गईं। रिपोर्ट्स के अनुसार उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ है। बाली में इलाज और मेडिकल ऑब्जर्वेशन के बाद उन्हें एयर एंबुलेंस से मुंबई लाया गया है, जहां उनकी स्पाइन सर्जरी होनी है।

उनकी टीम के मुताबिक सर्जरी और रिकवरी के चलते आने वाले कुछ हफ्तों में उनके वर्क कमिटमेंट प्रभावित हो सकते हैं। टीम ने प्रशंसकों से उनकी निजता का सम्मान करने की अपील की है।

सलमान के बिना ‘इंशाअल्लाह’ पर फिर काम कर सकते हैं भंसाली

संजय लीला भंसाली की चर्चित फिल्म ‘इंशाअल्लाह’ को दोबारा शुरू करने की चर्चा भी तेज है। रिपोर्ट्स के मुताबिक ‘लव एंड वॉर’ के बाद भंसाली और आलिया भट्ट इस प्रोजेक्ट को रिवाइव करने पर बातचीत कर रहे हैं।

2019 में घोषित यह फिल्म सलमान खान के प्रोजेक्ट से अलग होने के बाद ठंडे बस्ते में चली गई थी। अब कहानी को बरकरार रखते हुए स्क्रिप्ट और अन्य मटीरियल में बदलाव किए जाने की बात सामने आई है। सलमान के अलावा शाहरुख खान और किसी युवा अभिनेता के नाम पर भी चर्चा होने की खबरें हैं।

‘जेलर 2’ के हिंदी राइट्स 15 करोड़ में बिके

रिपोर्ट्स के मुताबिक ‘जेलर 2’ के हिंदी डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स पेन मरुधर ने 15 करोड़ रुपये में हासिल किए हैं। रजनीकांत की यह फिल्म 15 अक्टूबर 2026 को रिलीज होने वाली है।

फिल्म में रजनीकांत एक बार फिर मुथुवेल पांडियन यानी ‘टाइगर’ के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म में विद्या बालन और मिथुन चक्रवर्ती भी अहम भूमिकाओं में हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *