रायपुर में 7-8 अक्टूबर को राज्य स्तरीय रोजगार मेला, 8 हजार से अधिक पदों पर नौकरी का मौका

रायपुर । छत्तीसगढ़ के युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजधानी रायपुर में 7 और 8 अक्टूबर 2026 को राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में होने वाले इस मेले में तकनीकी और गैर-तकनीकी क्षेत्रों के 8 हजार से अधिक रिक्त पदों पर युवाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा।

रोजगार मेले का आयोजन कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य में और कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की अध्यक्षता में होगा।

निजी कंपनियों और बड़े उद्योगों की होगी भागीदारी

विभाग के सचिव डॉ. बसवराजू एस. के अनुसार, रोजगार मेले में प्रदेश के बड़े उद्योगों और निजी प्रतिष्ठानों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। इससे युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध रिक्तियों के लिए सीधे आवेदन करने और अपनी योग्यता के अनुरूप रोजगार पाने का अवसर मिलेगा।

मेले में आने वाले युवा अलग-अलग प्रतिष्ठानों और उद्योगों में उपलब्ध नौकरियों की जानकारी हासिल कर संबंधित पदों के लिए आवेदन कर सकेंगे।

ऑनलाइन पंजीयन की सुविधा

इच्छुक युवा ई-रोजगार पोर्टल के माध्यम से रोजगार मेले में उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी प्राप्त कर अपना पंजीयन करा सकते हैं। राज्य और जिला स्तरीय रोजगार मेलों में चयनित अभ्यर्थियों को कार्यक्रम के दौरान ऑफर लेटर प्रदान करने की भी तैयारी की गई है।

शासन की ओर से युवाओं तक रोजगार मेले की जानकारी पहुंचाने के लिए ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों और अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।

युवाओं को सीधे उद्योगों से जुड़ने का अवसर

राज्य सरकार के अनुसार यह रोजगार मेला प्रदेश के युवाओं को निजी क्षेत्र के प्रतिष्ठित संस्थानों और उद्योगों से सीधे जुड़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा। तकनीकी शिक्षा प्राप्त युवाओं के साथ गैर-तकनीकी क्षेत्र के उम्मीदवार भी अपनी योग्यता के अनुसार विभिन्न पदों के लिए आवेदन कर सकेंगे।

आयोजन को सफल बनाने और अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों और जिलों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का लक्ष्य रोजगार मेले के माध्यम से प्रदेश के अधिक से अधिक युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसरों से जोड़ना है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *