तैलिक साहू महासभा के राष्ट्रीय अधिवेशन में शामिल हुए डिप्टी CM अरुण साव, सामाजिक एकजुटता पर हुआ मंथन

रायपुर । छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव महाराष्ट्र के बीड में आयोजित अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक और सामान्य सभा में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। राष्ट्रीय अधिवेशन में देशभर से पहुंचे पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों ने समाज के विकास, सामाजिक एकजुटता और विभिन्न जनहित के मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री साव ने काकू स्मृति स्थल पहुंचकर स्वर्गीय केशरबाई क्षीरसागर ‘केशर काकू’ को श्रद्धांजलि अर्पित की और समाज के लिए उनके योगदान को याद किया।

समाज के हर वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ने पर जोर

राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक को संबोधित करते हुए अरुण साव ने कहा कि तैलिक समाज अपनी मेहनत और ईमानदारी के लिए देशभर में प्रतिष्ठित है। उन्होंने कहा कि समाज को आगे बढ़ाने के लिए सभी वर्गों को साथ लेकर चलना और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना जरूरी है।

उन्होंने शिक्षा को समाज के विकास का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए इस क्षेत्र में विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर जोर दिया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे सामाजिक मंच संवाद और सहभागिता को मजबूत करने के साथ समाज के विभिन्न वर्गों को एक-दूसरे से जोड़ने का काम करते हैं।

‘केशर काकू’ को दी श्रद्धांजलि

सोनाजीराव क्षीरसागर होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज परिसर में उप मुख्यमंत्री साव ने स्वर्गीय केशरबाई क्षीरसागर ‘केशर काकू’ के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने केशर काकू को समाज की मजबूत नींव के रूप में याद किया।

केशर काकू महाराष्ट्र विधानसभा में विधायक के रूप में अपनी सेवाएं दे चुकी थीं। तैलिक समाज की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में उन्होंने देशभर की विभिन्न इकाइयों को एकजुट करने और समाज के उत्थान में सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया था।

उन्होंने समाज की महिलाओं को भी विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाने और समाजहित में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उप मुख्यमंत्री साव ने केशर काकू की स्मृति में आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया।

नई पीढ़ी को केशर काकू के कार्यों से सीख लेने की अपील

अरुण साव ने कहा कि महासभा की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष केशर काकू ने संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके कार्य और सामाजिक समर्पण सभी पदाधिकारियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।

उन्होंने कहा कि केशर काकू के सुपुत्र और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री जयदत्त क्षीरसागर वर्तमान में महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में समाज को एकजुट कर रहे हैं और अपनी माता के संकल्पों को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं।

सामान्य सभा में समाज के विकास पर चर्चा

अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा की सामान्य सभा में भी उप मुख्यमंत्री साव ने वरिष्ठ पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों के साथ सहभागिता की। बैठक में समाज के विकास, सामाजिक हित और संगठन को मजबूत करने से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

इस दौरान सामाजिक एकजुटता को और मजबूत करने तथा समाज के उत्थान के लिए मिलकर काम करने की आवश्यकता पर भी विचार-मंथन किया गया। अधिवेशन में देशभर से आए प्रतिनिधियों ने समाजहित से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रखे और भविष्य की दिशा को लेकर चर्चा की।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *