तेल के दामों में फिर उछाल, पेट्रोल 5 और डीजल 3 महंगा

नई दिल्ली। वैश्विक ऊर्जा कीमतों में बढ़ोतरी और पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। निजी ईंधन कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल की कीमत में 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है। नई कीमतें शनिवार से तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं।

7,108 पेट्रोल पंपों पर असर

नायरा एनर्जी देशभर में करीब 7,108 पेट्रोल पंप संचालित करती है। ऐसे में कंपनी की ओर से की गई इस बढ़ोतरी का असर बड़ी संख्या में वाहन चालकों पर पड़ सकता है।

कंपनी ने इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के दौरान ईंधन के दाम बढ़ाए थे। इस साल मार्च में नायरा ने पेट्रोल में 5 रुपये और डीजल में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। हालांकि, बाद में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आने के बाद कंपनी ने 1 जुलाई को यह बढ़ोतरी वापस लेते हुए पेट्रोल और डीजल के दाम घटा दिए थे।

डीजल की बिक्री पर सीमा को लेकर भी चर्चा

इस बीच पेट्रोल और डीजल की बिक्री को लेकर भी स्थिति चर्चा में है। सरकार ने साफ किया है कि किसी भी कंपनी को ईंधन की बिक्री पर मनमानी सीमा लगाने की अनुमति नहीं है।

दरअसल, खुदरा और थोक डीजल की कीमतों में बड़ा अंतर होने के कारण कुछ औद्योगिक उपभोक्ता पेट्रोल पंपों से बड़ी मात्रा में डीजल खरीद रहे हैं। इससे कुछ पंपों पर स्टॉक का दबाव बढ़ रहा है और दोबारा आपूर्ति में समय लग रहा है।

कुछ पंपों पर डीजल खरीद की सीमा

इसी वजह से कुछ निजी ईंधन कंपनियों ने चुनिंदा पेट्रोल पंपों पर डीजल की खरीद की सीमा तय की है। जानकारी के मुताबिक, कुछ जियो-बीपी पंपों पर एक ग्राहक के लिए प्रतिदिन 50 लीटर तक डीजल खरीद की सीमा रखी गई है, जबकि नायरा एनर्जी के कुछ पंपों पर यह सीमा 70 से 200 लीटर के बीच है।

सरकार की ओर से कहा गया है कि ईंधन की बिक्री को व्यापक स्तर पर सीमित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे में आने वाले दिनों में वैश्विक तेल कीमतों और पश्चिम एशिया के हालात पर ईंधन की कीमतों को लेकर नजर बनी रहेगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *