बिलासपुर । कृषि महाविद्यालय कोनी के ऑडिटोरियम में शुक्रवार शाम ‘नमो सेवा गाथा’ पर आधारित लाइट एंड साउंड कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में रोशनी, संगीत और नृत्य के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को मंच पर प्रस्तुत किया गया।
करीब एक घंटे चले कार्यक्रम में कलाकारों ने सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण से जुड़े प्रसंगों की प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का आयोजन संस्कृति विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के सहयोग से गुरतुर लोक सेवा संस्थान द्वारा किया गया।
रोशनी और संगीत के जरिए प्रस्तुत किए गए विभिन्न प्रसंग
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन से जुड़े कई घटनाक्रमों को नृत्य, संगीत और अभिनय के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। आयोजकों के अनुसार, गुजरात भूकंप के दौरान राहत एवं सहायता, कोविड-19 महामारी के दौरान राहत प्रयास, आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई, नक्सल उन्मूलन, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने और सर्जिकल स्ट्राइक जैसे विषयों को प्रस्तुति में शामिल किया गया।
इसके अलावा 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को भी कार्यक्रम का हिस्सा बनाया गया।
बदलती रोशनी, संगीत और कलाकारों के अभिनय के जरिए आपदा के समय सहायता, संवेदनशीलता, राष्ट्रीय सुरक्षा और विकास से जुड़े विषयों को मंच पर दर्शाया गया।
छत्तीसगढ़ की योजनाओं की भी प्रस्तुति
कार्यक्रम में आयोजकों की ओर से बताया गया कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में संचालित सुशासन एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की झलक भी प्रस्तुति के माध्यम से दिखाई गई।
कार्यक्रम में मौजूद दर्शकों ने कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना की। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य सेवा और जनकल्याण की भावना को रेखांकित करना तथा लोगों को देश के विकास में सहभागिता के लिए प्रेरित करना था।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी
कार्यक्रम में विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल और सुशांत शुक्ला, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, महापौर पूजा विधानी और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष रजनीश सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसके अलावा भाजपा उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, भाजपा शहर जिला अध्यक्ष दीपक सिंह, ग्रामीण जिला अध्यक्ष मोहित जायसवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष ललिता कश्यप और गौ सेवा समिति अध्यक्ष धीरेंद्र दुबे भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
प्रशासन की ओर से कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, कृषि महाविद्यालय के डीन एन.के. चौरे और उप संचालक कृषि एम.आर. तिग्गा सहित अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक और दर्शक भी पहुंचे। आयोजकों ने बताया कि ‘नमो सेवा गाथा’ के जरिए सेवा, समर्पण और विकास की अवधारणा को कलात्मक प्रस्तुति के माध्यम से सामने रखा गया।