तिल्दा-नेवरा। तिल्दा-नेवरा थाना क्षेत्र में गणेश चतुर्थी एवं गणेश उत्सव इस वर्ष शांति, सौहार्द और भाईचारे के वातावरण में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। उत्सव के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई और न ही कोई आपराधिक मामला दर्ज हुआ।
गणेश उत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तिल्दा-नेवरा पुलिस पूरे समय 24 घंटे मुस्तैद रही। प्रमुख चौक-चौराहों, गणेश पंडालों और संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी एवं पेट्रोलिंग की गई। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने दिन-रात ड्यूटी करते हुए सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की।
गणेश समितियों का रहा सराहनीय सहयोग
उत्सव को शांतिपूर्ण बनाने में क्षेत्र की विभिन्न गणेश उत्सव समितियों की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही। समितियों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने प्रशासन और पुलिस के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए अनुशासन, संयम और आपसी भाईचारे के साथ आयोजन किया।

थाना प्रभारी निरीक्षक रामाकांत तिवारी ने सभी गणेश उत्सव समितियों, पदाधिकारियों, सदस्यों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय तथा समितियों के जिम्मेदाराना रवैये के कारण उत्सव शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सका।
24 घंटे तैनात रही पुलिस टीम
गणेश उत्सव के दौरान थाना तिल्दा-नेवरा के अधिकारी और कर्मचारी लगातार पेट्रोलिंग, निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहे। गणेश पंडालों और आयोजन स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती गई, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
थाना प्रभारी ने शांतिपूर्ण व्यवस्था बनाए रखने में योगदान देने वाले थाना तिल्दा-नेवरा के सभी अधिकारी-कर्मचारियों को भी उनके परिश्रम और कर्तव्यनिष्ठा के लिए धन्यवाद दिया।
पुलिस ने क्षेत्रवासियों से भविष्य में भी इसी तरह सहयोग, संयम और भाईचारा बनाए रखने की अपील की। पुलिस के अनुसार, जनता के सहयोग और पुलिस की सतत मुस्तैदी से तिल्दा-नेवरा में गणेश उत्सव शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।