रायपुर । उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव ने बिलासपुर के बहतराई स्थित खेलो इंडिया उत्कृष्टता केंद्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर छत्तीसगढ़ और देश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों का सम्मान किया।
समारोह में एशियन गेम्स-2026 की कबड्डी स्वर्ण पदक विजेता संजू देवी तथा जूनियर हॉकी एशिया कप-2026 की स्वर्ण पदक विजेता मधु सिदार और गीता यादव को सम्मानित किया गया। समारोह की अध्यक्षता बेलतरा विधायक श्री सुशांत शुक्ला ने की।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा पूर्व में घोषित संजू देवी के लिए 51 लाख रुपए की सम्मान राशि का चेक उप मुख्यमंत्री ने सौंपा। वहीं मधु सिदार और गीता यादव को 11.12-11.12 लाख रुपए का विशेष सहायता पैकेज देने की घोषणा की गई। दोनों खिलाड़ियों को तत्काल 2-2 लाख रुपए की एकमुश्त सहायता राशि के चेक भी प्रदान किए गए।
उप मुख्यमंत्री ने तीनों खिलाड़ियों को शाल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। खिलाड़ियों की सफलता में उनके परिवारों के योगदान को देखते हुए उनके परिजनों को भी शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
छत्तीसगढ़ में होगी पुरुष हॉकी लीग
श्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार नई पहल कर रही है। इसी कड़ी में 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक पुरुष हॉकी लीग का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य होगा, जहां इस तरह की हॉकी लीग आयोजित की जाएगी।
लीग की टैगलाइन ‘चलव रे संगी हॉकी खेलबो’ रखी गई है। इसमें छह टीमें हिस्सा लेंगी और टीमों के नाम छत्तीसगढ़ की संस्कृति एवं पहचान को ध्यान में रखकर रखे जाएंगे।
बहतराई में बढ़ेंगी खेल सुविधाएं
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने खेलो इंडिया उत्कृष्टता केंद्र के प्रशासनिक भवन में नवनिर्मित ऑडियो-वीडियो कॉन्फ्रेंस रूम का उद्घाटन भी किया।
उन्होंने कहा कि बहतराई का यह केंद्र खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण प्रशिक्षण स्थल बन रहा है। यहीं से इन खिलाड़ियों ने अपने खेल की शुरुआत की, प्रतिभा को निखारा और कड़ी मेहनत के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक हासिल किए।
उन्होंने कहा कि चीन और जापान में स्वर्ण पदक जीतना बड़ी उपलब्धि है। इसके पीछे खिलाड़ियों की वर्षों की मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प है।
श्री साव ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति में आत्मविश्वास, धैर्य, अनुशासन, बेहतर स्वास्थ्य और कठिन परिस्थितियों से संघर्ष करने की क्षमता विकसित करता है।
खेल अधोसंरचना को मजबूत करने पर जोर
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार खिलाड़ियों के बेहतर भविष्य और खेल अधोसंरचना के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। खेल अलंकरण, स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव, बस्तर एवं सरगुजा ओलंपिक सहित विभिन्न आयोजनों के माध्यम से प्रदेश में खेलों के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार किया जा रहा है।
राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री उत्कर्ष योजना के लिए 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। इसके माध्यम से प्रशिक्षकों, खेल अधोसंरचना और खिलाड़ियों के लिए आवश्यक सुविधाओं को और मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर मेहनत करने का आह्वान करते हुए कहा कि खिलाड़ी की सबसे बड़ी प्रतिस्पर्धा स्वयं से होती है। हर दिन खुद को बेहतर बनाने का प्रयास करना चाहिए और किसी प्रतियोगिता में चयन न होने पर निराश होने के बजाय और अधिक मेहनत के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
बहतराई में करीब 16 करोड़ की खेल अधोसंरचना विकसित होगी
समारोह की अध्यक्षता कर रहे बेलतरा विधायक श्री सुशांत शुक्ला ने बताया कि बहतराई जिला खेल परिसर में खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि लगभग 6 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न खेल मैदानों, हाई मास्ट लाइट सहित अन्य सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। वहीं करीब 3 करोड़ रुपए की लागत से वातानुकूलन सहित आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में लगभग 16 करोड़ रुपए की लागत से खेल अधोसंरचना विकसित करने की योजना है, जिसका जल्द भूमिपूजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में राज्य हॉकी संघ के अध्यक्ष श्री मनीष श्रीवास्तव, प्रदेश कबड्डी संघ के महासचिव श्री प्रदीप यादव, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप अग्रवाल सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं खेलप्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।