नशामुक्त भारत के संकल्प के साथ रायपुर में पदयात्रा, राज्यपाल रमेन डेका ने दिलाया जागरूकता का संदेश

रायपुर । महात्मा गांधी और भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर राजधानी रायपुर में सेवा संकल्प अभियान के तहत नशामुक्त भारत के संकल्प के साथ पदयात्रा आयोजित की गई। राज्यपाल श्री रमेन डेका ने पदयात्रा में शामिल होकर नागरिकों को नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जागरूक किया।

महात्मा गांधी को किया नमन

पदयात्रा से पहले राज्यपाल श्री रमेन डेका ने टाउन हॉल परिसर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद टाउन हॉल से पदयात्रा की शुरुआत हुई।

पदयात्रा के दौरान भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।

अंबेडकर चौक पहुंची पदयात्रा

टाउन हॉल से शुरू हुई पदयात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए अंबेडकर चौक पहुंची। यहां राज्यपाल श्री डेका ने भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर राज्यपाल ने नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए सामूहिक सहभागिता और जनजागरूकता को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने नागरिकों से नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

बड़ी संख्या में नागरिक हुए शामिल

पदयात्रा में सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, श्री सुनील सोनी सहित बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं, विद्यार्थी और शहर के नागरिक शामिल हुए।

पदयात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं और आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा स्वस्थ एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *