जोहान्सबर्ग । क्रिकेट फैंस के लिए बड़ी खबर है। 2027 वनडे वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान एक बार फिर आमने-सामने होंगे। दोनों टीमों के बीच मुकाबला 10 अक्टूबर 2027 को जोहान्सबर्ग के ऐतिहासिक वांडरर्स स्टेडियम में खेला जाएगा।
वांडरर्स वही मैदान है, जहां 24 सितंबर 2007 को महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को हराकर पहला टी20 वर्ल्ड कप अपने नाम किया था। फाइनल में जोगिंदर शर्मा की गेंद पर मिस्बाह-उल-हक का शॉट और श्रीसंत का कैच आज भी भारतीय क्रिकेट के यादगार पलों में शामिल है।
अब करीब दो दशक बाद इसी मैदान पर दोनों पड़ोसी टीमें एक बार फिर विश्व कप के मुकाबले में भिड़ेंगी।
7 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया से शुरू होगा भारत का अभियान
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। भारत अपने अभियान की शुरुआत 7 अक्टूबर 2027 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ केप टाउन में करेगा।
इसके तीन दिन बाद यानी 10 अक्टूबर को भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला जोहान्सबर्ग में खेला जाएगा। ग्रुप स्टेज में भारत को ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, अफगानिस्तान, जिम्बाब्वे और एक क्वालीफायर टीम के साथ रखा गया है।
14 टीमों का होगा टूर्नामेंट
2027 वनडे वर्ल्ड कप की मेजबानी दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया करेंगे। टूर्नामेंट में कुल 14 टीमें हिस्सा लेंगी।
ग्रुप स्टेज में 12 टीमें दो ग्रुप में विभाजित होंगी। प्रत्येक ग्रुप में छह टीमें रहेंगी। दोनों ग्रुप से शीर्ष तीन टीमें अगले चरण में पहुंचेंगी, जबकि चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों में बेहतर प्रदर्शन करने वाली एक टीम को भी अगले दौर में जगह मिलेगी।
सुपर 7 में फिर से शुरू होगी रेस
ग्रुप स्टेज के बाद सात टीमें सुपर 7 चरण में पहुंचेंगी। इस चरण में टीमें ग्रुप स्टेज के अंक साथ लेकर नहीं जाएंगी।
सुपर 7 मुकाबले 25 अक्टूबर से 14 नवंबर 2027 तक खेले जाएंगे। इस चरण के बाद अंक तालिका की शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।
ICC ने संभावित मुकाबलों और यात्रा व्यवस्था को पहले से स्पष्ट रखने के लिए टीमों की सीडिंग भी निर्धारित की है। भारत को A1 सीड दिया गया है।
17 और 18 नवंबर को सेमीफाइनल
सुपर 7 चरण के बाद पहला सेमीफाइनल 17 नवंबर को केप टाउन में और दूसरा सेमीफाइनल 18 नवंबर को त्शवाने में खेला जाएगा।
दोनों सेमीफाइनल के लिए रिजर्व डे भी रखा गया है।
21 नवंबर को जोहान्सबर्ग में फाइनल
वर्ल्ड कप का फाइनल 21 नवंबर 2027 को जोहान्सबर्ग में खेला जाएगा। खराब मौसम या अन्य कारणों से फाइनल प्रभावित होने पर 22 नवंबर को रिजर्व डे रखा गया है।
भारत के ग्रुप स्टेज के मुकाबले
-
7 अक्टूबर 2027: भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया — केप टाउन
-
10 अक्टूबर 2027: भारत बनाम पाकिस्तान — जोहान्सबर्ग
-
14 अक्टूबर 2027: भारत बनाम अफगानिस्तान — त्शवाने
-
17 अक्टूबर 2027: भारत बनाम क्वालीफायर A — ब्लोमफोंटेन
-
24 अक्टूबर 2027: जिम्बाब्वे बनाम भारत — विक्टोरिया फॉल्स
इसके बाद सुपर 7 चरण में भारत के मुकाबले तय सीडिंग और क्वालीफाई करने वाली टीमों के आधार पर होंगे।
टिकट बिक्री की प्रक्रिया भी शुरू
वर्ल्ड कप के शेड्यूल के ऐलान के साथ ही टिकट बैलेट की प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी दी गई है। टूर्नामेंट के मुकाबले दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया के अलग-अलग शहरों में खेले जाएंगे।
अब क्रिकेट फैंस की नजरें खास तौर पर 10 अक्टूबर 2027 के भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर रहेंगी। जिस वांडरर्स मैदान पर भारत ने 2007 में पाकिस्तान के खिलाफ ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी, वहीं दोनों टीमें 2027 में एक बार फिर विश्व कप के मंच पर आमने-सामने होंगी।