संसद भवन में छत्तीसगढ़ का नेतृत्व करेंगी बिलासपुर की प्रशंसा पांडे

बिलासपुर। नेशनल यूथ पार्लियामेंट की प्रदेश विजेता एवं बिलासपुर की युवा प्रतिभा प्रशंसा पांडे अब संसद भवन, नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगी। इस उपलब्धि पर शासकीय बिलासा कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बिलासपुर में उनका सम्मान कर उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

महाविद्यालय के प्राचार्य कमलेश के नेतृत्व में प्राध्यापकों ने प्रशंसा पांडे का अभिनंदन किया। इस अवसर पर प्रोफेसर मंजू माधुरी बाजपेयी, चौधरी, सिन्हा, सीमा मिश्रा और डॉ. पूजा शर्मा सहित अन्य प्राध्यापक उपस्थित रहे। शिक्षकों ने कहा कि प्रशंसा का राष्ट्रीय स्तर पर चयन महाविद्यालय के साथ-साथ बिलासपुर के लिए भी गौरव का विषय है।

2 अक्टूबर को संसद भवन में करेंगी प्रतिनिधित्व

प्रशंसा पांडे का चयन 2 अक्टूबर, महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर संसद भवन, नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने के लिए हुआ है। वह नेशनल यूथ पार्लियामेंट की प्रदेश विजेता हैं। इसके अलावा उन्होंने विकसित भारत लीडर्स डायलॉग में भी राज्य स्तर पर उपलब्धि हासिल की है।

प्रशंसा पिछले दो वर्षों से नेशनल यूथ पार्लियामेंट के माध्यम से विधानसभा स्तर पर युवाओं का प्रतिनिधित्व करती आ रही हैं। उनकी निरंतर सक्रियता और युवा नेतृत्व ने उन्हें राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया है।

‘यूथ आइकन’ के रूप में भी बनाई पहचान

युवा नेतृत्व के क्षेत्र में प्रशंसा पांडे को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से ‘यूथ आइकन’ की उपाधि भी प्राप्त है। यूथ आइकन के रूप में उन्होंने नशामुक्त भारत अभियान सहित युवाओं से जुड़े विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों में सहभागिता की है।

इसके अलावा प्रधानमंत्री के साथ आयोजित ‘खेल की बात’ और युवा संवाद जैसे कार्यक्रमों में भी उन्होंने यूथ आइकन के रूप में सहभागिता की है।

युवाओं के लिए बनीं प्रेरणा

संसद भवन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रशंसा पांडे का चयन उनके निरंतर परिश्रम, युवा नेतृत्व और राष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय सहभागिता को दर्शाता है। बिलासपुर की बेटी का देश के सर्वोच्च लोकतांत्रिक संस्थान के परिसर में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करना शहर और प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *