तिल्दा-नेवरा। छत्तीसगढ़ पेंशनधारी कल्याण संघ, तहसील शाखा तिल्दा की नियमित मासिक बैठक कर्मचारी भवन तिल्दा में आयोजित की गई। बैठक में नए पेंशनरों का स्वागत-अभिनंदन करने के साथ पेंशन, बैंकिंग सुरक्षा और संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बैंक ऑफ बड़ौदा के शाखा प्रबंधक गोस्वामी ने सीपीपी और जीवन प्रमाण-पत्र से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने पेंशनरों को साइबर क्राइम और बैंक धोखाधड़ी से सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि बैंकिंग संबंधी किसी समस्या के समाधान के लिए उनसे सीधे संपर्क किया जा सकता है।
नए पेंशनरों का स्वागत
संघ के महासचिव एवं प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि बैठक में नए पेंशनर केशव कुमार शर्मा और अश्विनी पटेल का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। दोनों ने संघ की सदस्यता भी ग्रहण की।
पुस्तकालय के लिए समिति गठित
कर्मचारी भवन में शुरू किए गए पुस्तकालय के बेहतर संचालन एवं प्रबंधन के लिए बैठक में समिति का गठन किया गया। भागीरथी पांसे को सर्वसम्मति से समिति का अध्यक्ष चुना गया। वहीं हरख राम वर्मा, मालिक राम साहू और भगवंत राम वर्मा को समिति में शामिल किया गया।
मांगों को लेकर आंदोलन की चेतावनी
संघ के अध्यक्ष रामावतार पाण्डेय ने कहा कि 11 सितंबर को आयोजित प्रांतव्यापी धरना-प्रदर्शन एवं ज्ञापन कार्यक्रम सफल रहा। उन्होंने कहा कि यदि शासन की ओर से पेंशनरों की मांगों को लेकर सकारात्मक पहल नहीं की जाती है, तो आगामी समय में प्रांतव्यापी हड़ताल के लिए संगठन को तैयार रहना होगा।

गीत और जन्मदिन समारोह ने बढ़ाई कार्यक्रम की रौनक
कार्यक्रम में प्रसिद्ध साहित्यकार एवं कवि गोपाल प्रसाद वर्मा ने पितृ पक्ष से संबंधित मातृशक्ति पर आधारित गीत प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित सदस्यों ने सराहा।
इस अवसर पर सितंबर माह में जन्मदिन वाले सदस्यों केशव कुमार शर्मा, उधो प्रसाद वर्मा, हेमंत कुमार नायक, रतिराम मिर्चे, भगवंत राम वर्मा, अश्विनी कुमार पटेल और दानीराम वर्मा का भी सम्मान किया गया। संघ अध्यक्ष रामावतार पाण्डेय ने उनका मुंह मीठा कराया, तिलक लगाया और फल भेंट किए। कोषाध्यक्ष लेवनप्रसाद वर्मा एवं सहकोषाध्यक्ष घनश्याम प्रसाद वर्मा ने उपस्थित सदस्यों का गुलाल लगाकर अभिनंदन किया।
बैठक में जवाहरलाल सिरमौर, एस.एन. गुप्ता, तुलसी राम वर्मा, नरेंद्र कुमार वर्मा, हरख राम वर्मा, ईश्वर प्रसाद वर्मा, चिंता राम वर्मा, बाजार लाल साहू, टीकाराम वर्मा, टापलाल कश्यप, यशवंत कुमार वर्मा, सेवानिवृत्त प्राचार्य रघुनंदन लाल वर्मा, बलीराम यादव, फेकूराम वर्मा, रमेश कुमार वर्मा, गिरवर लाल वर्मा, भीमसिंह वर्मा, मो. सलीम खान, भूपेंद्र कुमार कश्यप, रमेश कुमार गायकवाड़, हेमलाल वर्मा, जितेंद्र कुमार वर्मा, सुरेश कुमार शर्मा, संतराम कैवर्त्य, मेघनाथ निर्मलकर सहित बड़ी संख्या में पेंशनर उपस्थित रहे।