किरंदुल। सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को किरंदुल बस स्टैंड परिसर में स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर पालिका द्वारा आयोजित ‘स्वच्छता ही सेवा (सेवा मेरा योगदान)’ अभियान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और सफाईकर्मियों ने एक साथ श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।
सुबह करीब 8:30 बजे शुरू हुए अभियान के दौरान बस स्टैंड परिसर में झाड़ू लगाकर कचरे की सफाई की गई। सफाई के बाद एकत्रित कचरे को हटाया गया। इस दौरान नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने और शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई।
‘स्वच्छता ही सच्ची सेवा’
नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रूबी शैलेंद्र सिंह ने अभियान में सहभागिता करते हुए कहा कि स्वच्छता ही सच्ची सेवा है। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और शहर को साफ-सुथरा रखने में अपना योगदान देने की अपील की।
अभियान में मुख्य नगर पालिका अधिकारी शशि भूषण महापात्र, किरंदुल मंडल अध्यक्ष विजय सोढ़ी, अभियंता संजय मारकंडे, पार्षदगण, कर्मचारी जॉर्डन राम, सफाई दरोगा नागेश चौरे, मनीषा ठाकुर, मिलन बारिक, नरेश साहू, मनरखन लाल ठाकुर और लोमन सीना सहित समस्त पार्षद, मनोनीत पार्षद एवं नगर पालिका का पूरा अमला मौजूद रहा।
कार्यक्रम के माध्यम से जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने और स्वच्छ वातावरण बनाने में सामूहिक भागीदारी का संदेश दिया।