जगदलपुर । बस्तर संभाग और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश एवं बाढ़ की स्थिति को देखते हुए एनएमडीसी लिमिटेड ने राहत और बचाव कार्यों के लिए त्वरित पहल की है। कंपनी ने छत्तीसगढ़ शासन को आपातकालीन राहत एवं बचाव कार्यों के लिए चार स्पीड बोट उपलब्ध कराई हैं। ये बोट पूर्व में एनएमडीसी स्टील लिमिटेड द्वारा उपलब्ध कराई गई रेस्क्यू बोट के अतिरिक्त हैं।
राज्य सरकार से आपात आवश्यकता का अनुरोध प्राप्त होने के बाद एनएमडीसी ने तत्काल संसाधन जुटाए और पुणे से प्राथमिकता के आधार पर चार रेस्क्यू स्पीड बोट मंगाई गईं। कंपनी के अनुसार, अनुरोध प्राप्त होने के 48 घंटे के भीतर इन बोट को जिला प्रशासन को उपलब्ध करा दिया गया।
प्रत्येक स्पीड बोट में करीब 8 से 10 लोगों के बैठने की क्षमता है। इन्हें आपातकालीन बचाव अभियानों के लिए आवश्यक सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए उपलब्ध कराया गया है।
नगरनार में जिला प्रशासन को सौंपी गईं बोट
चारों स्पीड बोट 30 सितंबर 2026 को नगरनार पंचायत भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बस्तर जिला कलेक्टर आकाश छिकारा को सौंपी गईं। इनका उपयोग बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए किया जाएगा।
एनएमडीसी की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री पहुंचाने और खाद्य सामग्री के वितरण का कार्य भी प्रारंभ किया गया है। कंपनी की यह पहल पहले से उपलब्ध कराई गई रेस्क्यू बोट के अतिरिक्त की गई है।

सांसद महेश कश्यप ने एनएमडीसी के सहयोग को सराहा
कार्यक्रम में बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि एनएमडीसी के सहयोग से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के राहत शिविरों में आवश्यक सामग्री का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एनएमडीसी स्टील प्लांट की ओर से पहले ही एक नाव बाढ़ प्रभावित गांवों के लिए उपलब्ध कराई गई थी, लेकिन आपदा की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त नावों की आवश्यकता महसूस हुई।
सांसद के अनुसार, इस संबंध में एनएमडीसी प्रबंधन से चर्चा के बाद पुणे से तत्काल चार मोटर बोट मंगाकर जिला प्रशासन को उपलब्ध कराई गईं। उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए उचित मुआवजे को लेकर जिला प्रशासन से चर्चा किए जाने की भी बात कही।

जल्द सामान्य स्थिति बहाल करने पर जोर
बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा ने कहा कि प्रशासन जनजीवन को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों में समाज के सभी वर्गों का सहयोग मिल रहा है।
बाढ़ की चुनौती के बीच एनएमडीसी की ओर से उपलब्ध कराई गईं अतिरिक्त स्पीड बोट से प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव अभियानों को गति मिलने की उम्मीद है।