जन्मदिन पर शिक्षक अजय साहू ने बच्चों को बांटे स्कूल बैग, ‘प्रयास’ बना मिसाल

किरंदुल। संकुल केंद्र टिकनपाल अंतर्गत प्राथमिक शाला गेचापारा में पदस्थ शिक्षक अजय कुमार साहू ने अपने जन्मदिन को सेवा और सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए बच्चों के बीच अनूठे ढंग से मनाया। उन्होंने विद्यालय के सभी बच्चों को नए स्कूल बैग वितरित कर शिक्षा के प्रति प्रोत्साहन और सहयोग की मिसाल पेश की।

नए स्कूल बैग पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। इस दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल रहा। बच्चों ने शिक्षक अजय साहू के इस प्रयास के लिए उनका आभार जताया।

शिक्षक अजय साहू ने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से अपने जन्मदिन एवं अन्य विशेष अवसरों पर जरूरतमंद बच्चों की सहायता के लिए विभिन्न गतिविधियां करते आ रहे हैं। उन्होंने अपने इन प्रयासों को ‘प्रयास’ नाम दिया है। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना तथा उनकी छोटी-छोटी शैक्षणिक जरूरतों को पूरा करना है।

इस पहल की विद्यालय के शिक्षकों और पालकों ने सराहना की। शाला परिवार ने शिक्षक अजय कुमार साहू को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके सामाजिक सरोकार और बच्चों के प्रति समर्पण के लिए आभार व्यक्त किया।

शिक्षक का यह प्रयास न केवल बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाने वाला रहा, बल्कि समाज में शिक्षा और सेवा के प्रति सकारात्मक संदेश देने वाला भी साबित हुआ।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *