नई दिल्ली । एशियन गेम्स-2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। कंपाउंड तीरंदाजी की महिला टीम ने चीन को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में ज्योति सुरेखा वेन्नम, प्रितिका प्रदीप और तनीपार्थी चिकिता की भारतीय टीम ने चीनी टीम को 238-234 के स्कोर से मात दी।
इस जीत के साथ भारत ने एशियन गेम्स में अपना सातवां स्वर्ण पदक हासिल किया। भारतीय महिला कंपाउंड टीम ने इस स्पर्धा में अपना पिछला खिताब भी बरकरार रखा।
वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी
भारत की जीत के साथ एक और उपलब्धि जुड़ी। भारतीय महिला कंपाउंड टीम ने इस स्पर्धा में दक्षिण कोरिया के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी की।
फाइनल में भारत के सामने चीन की वुनियर, यूए वांग और फांगयाओ वेई की टीम थी। भारतीय तीरंदाजों ने शुरुआत से ही शानदार प्रदर्शन करते हुए 238 अंक हासिल किए, जबकि चीन की टीम 234 अंक तक ही पहुंच सकी।
सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को दी थी मात
फाइनल से पहले भारतीय महिला टीम ने सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को रोमांचक मुकाबले में 234-233 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। दक्षिण कोरिया ने बाद में कांस्य पदक अपने नाम किया।
भारतीय टीम में ज्योति सुरेखा वेन्नम, तनीपार्थी चिकिता और प्रितिका प्रदीप ने शानदार तालमेल दिखाया और पूरे मुकाबले में दबाव के बीच सटीक निशाने लगाए।
हांगझू में भी भारत ने जीता था गोल्ड
कंपाउंड तीरंदाजी में भारत का दबदबा पहले भी देखने को मिला है। 2023 हांगझू एशियन गेम्स में भारतीय टीम ने इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता था। उस प्रतियोगिता में भारत ने कंपाउंड तीरंदाजी के सभी पांचों इवेंट में गोल्ड मेडल अपने नाम किए थे।
चिकिता का दूसरा मेडल पक्का
कंपाउंड तीरंदाजी में भारत के लिए यह दिन यहीं खत्म नहीं हुआ। महिला टीम को स्वर्ण दिलाने के बाद तनीपार्थी चिकिता ने मिक्स्ड टीम स्पर्धा के फाइनल में भी जगह बना ली है।
चिकिता और राजेश जादव की जोड़ी ने सेमीफाइनल में थाईलैंड को 156-155 से हराया। अब फाइनल में भारतीय जोड़ी का सामना चीन और दक्षिण कोरिया के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा।
इस तरह चिकिता तनीपार्थी ने महिला टीम के साथ स्वर्ण जीतने के बाद मिक्स्ड टीम स्पर्धा में भी भारत के लिए एक और पदक सुनिश्चित कर दिया है। वहीं, 30 सितंबर को भारतीय पुरुष कंपाउंड टीम भी सेमीफाइनल मुकाबले में उतरेगी।