किरंदुल को 3-1 से हराकर नगरनार बना एनएमडीसी अंतर परियोजना फुटबॉल का चैंपियन उमेश बघेल बने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट

किरंदुल। बैलाडीला लौह अयस्क परियोजना किरंदुल कॉम्पलेक्स द्वारा आयोजित एनएमडीसी अंतर परियोजना फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 का रविवार शाम रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ समापन हुआ। किरंदुल फुटबॉल ग्राउंड में खेले गए खिताबी मुकाबले में नगरनार ने मेजबान किरंदुल कॉम्प्लेक्स को 3-1 से हराकर चमचमाती ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

टूर्नामेंट का उद्घाटन 25 सितंबर को किरंदुल कॉम्प्लेक्स के अधिशासी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख रवींद्र नारायण ने किया था। तीन दिवसीय टूर्नामेंट में एनएमडीसी की चार टीमों – किरंदुल, बचेली, नगरनार और दोणिमलै ने भाग लिया।

समापन अवसर पर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए परियोजना प्रमुख रवींद्र नारायण ने कहा कि फुटबॉल जैसे आयोजन कर्मचारियों में फिटनेस, एकाग्रता, टीम वर्क, अनुशासन और आपसी सौहार्द बढ़ाने के साथ तनाव कम करने में भी मदद करते हैं।

सीजीएम व स्पोर्ट्स एडवाइजरी कमेटी के अध्यक्ष जे.सी. दास ने कहा कि फुटबॉल सिर्फ खेल नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास बढ़ाने का माध्यम है। एनएमडीसी द्वारा खेलों और खिलाड़ियों को लगातार प्रोत्साहन देने से स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर अवसर मिल रहे हैं।

टूर्नामेंट में नगरनार फुटबॉल टीम के खिलाड़ी उमेश बघेल को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। पूरे टूर्नामेंट में उमेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

पुरस्कार वितरण के दौरान परियोजना प्रमुख रवींद्र नारायण, सीजीएम व स्पोर्ट्स एडवाइजरी कमेटी के अध्यक्ष जे.सी. दास, , डीजीएम मोहम्मद तनवीर जावेद समेत एसकेएमएस के अध्यक्ष नोमेश्वर राव, सचिव प्रदीप नामदेव , इंटक सचिव ए.के. सिंह, एससी-एसटी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष बी.एल. तारम, जियाउल हसन और स्पोर्ट्स एडवाइजरी कमेटी के सभी सदस्य मौजूद थे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *