रायपुर । महान गायिका एवं ‘भारत रत्न’ लता मंगेशकर की जयंती के अवसर पर छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने उनका पुण्य स्मरण करते हुए सादर नमन किया। उन्होंने कहा कि अपनी अद्वितीय आवाज और संगीत साधना के माध्यम से लता मंगेशकर ने भारतीय संगीत जगत में अमिट छाप छोड़ी है।
वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि लता मंगेशकर ने दशकों तक अपनी मधुर आवाज से हिंदी सिनेमा के संगीत को नई ऊंचाइयां प्रदान कीं। उनके स्वर में सजे असंख्य गीतों ने संगीत प्रेमियों के दिलों में विशेष स्थान बनाया और देश को पीढ़ियों तक याद किए जाने वाले कालजयी गीतों की समृद्ध विरासत दी।
उन्होंने कहा कि लता जी की गायकी में भारतीय संस्कृति, संवेदना और भावनाओं की अद्भुत अभिव्यक्ति देखने को मिलती थी। देशभक्ति के गीतों से लेकर भक्ति और भावप्रधान गीतों तक उनकी आवाज ने हर पीढ़ी को प्रभावित किया।
श्री चौधरी ने कहा कि संगीत के प्रति लता मंगेशकर का समर्पण और साधना आने वाली पीढ़ियों के कलाकारों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी। भारतीय संगीत और कला जगत में उनके अमूल्य योगदान को हमेशा स्मरण किया जाएगा।
उन्होंने लता मंगेशकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके योगदान को भारतीय संगीत की अमूल्य विरासत बताया।