नई दिल्ली । ‘बिग बॉस 20’ में इस हफ्ते रीति तिवारी और काजी तौकीर के बीच हुआ विवाद अब ‘वीकेंड का वार’ तक पहुंच गया है। बीजेपी नेता और अभिनेता मनोज तिवारी की बेटी रीति को शो में इस्तेमाल की गई आपत्तिजनक भाषा को लेकर आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। अब सामने आए ‘वीकेंड का वार’ के प्रोमो में होस्ट सलमान खान रीति के व्यवहार पर नाराजगी जताते नजर आ रहे हैं।
रीति की भाषा पर सलमान ने लगाई क्लास
प्रोमो में सलमान खान रीति को उनकी भाषा को लेकर फटकार लगाते दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि बदतमीजी की भी एक सीमा होती है। साथ ही उन्होंने घर के अन्य सदस्यों से भी सवाल किया कि क्या उन्होंने रीति को इस तरह की बातें कहने के लिए उकसाया था। सलमान ने आसिफ खान से यह भी पूछा कि अगर ऐसी ही बात उनकी अपनी बहन के लिए कही जाती, तो क्या वह इसे स्वीकार करते।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
दरअसल, शो में कंटेस्टेंट्स के बीच एक ‘डिस बैटल’ टास्क रखा गया था। इसी दौरान रीति तिवारी ने उदिति सिंह और काजी तौकीर को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। मामला बढ़ने पर काजी ने रीति के व्यवहार पर आपत्ति जताई और कहा कि रोस्टिंग की भी एक सीमा होती है। विवाद के दौरान उदिति के भावुक होने की भी रिपोर्ट सामने आई है।
बाद में काजी ने कैमरे के सामने रीति के पिता मनोज तिवारी से भी उनकी बेटी के व्यवहार को देखने की अपील की थी। इस पूरे घटनाक्रम के बाद सोशल मीडिया पर भी रीति के व्यवहार को लेकर प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं।
रीति पहले भी चर्चा में रही हैं
रीति तिवारी इससे पहले शो में अपनी निजी जिंदगी और पिता मनोज तिवारी के साथ रिश्ते को लेकर किए गए खुलासों की वजह से भी चर्चा में रही हैं। उन्होंने बताया था कि पिता के नाम से उन्हें पहचान और सम्मान तो मिला, लेकिन करियर में उन्हें खुद अपनी पहचान बनाने के लिए आगे बढ़ना पड़ा। उनके मुताबिक, मनोज तिवारी ने उन्हें अपने दम पर करियर बनाने की सलाह दी थी।
अब ‘वीकेंड का वार’ में क्या होगा?
रीति के विवादित बयानों के बाद दर्शकों की नजरें अब ‘वीकेंड का वार’ पर हैं। प्रोमो से संकेत मिलता है कि सलमान खान इस मुद्दे पर रीति से सवाल-जवाब करेंगे। वहीं, मनोज तिवारी के भी शो में आने की अटकलें सामने आई थीं, हालांकि उनकी एंट्री की पुष्टि नहीं हुई है।
‘बिग बॉस 20’ में रीति तिवारी का सफर पहले ही कई विवादों से घिर चुका है। अब देखना होगा कि सलमान की फटकार के बाद उनके गेम और घर के बाकी सदस्यों के साथ रिश्तों में क्या बदलाव आता है।