एशियन गेम्स में छत्तीसगढ़ की बेटी संजू देवी का कमाल, सीएम साय ने फोन पर दी बधाई

रायपुर । जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ईरान को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत में छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की रहने वाली संजू देवी ने भी अहम भूमिका निभाई। उनकी इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संजू देवी से फोन पर बातचीत कर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री साय ने संजू देवी के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत, प्रतिभा और खेल कौशल ने न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। एशियन गेम्स जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय महिला कबड्डी टीम की स्वर्णिम सफलता गर्व का विषय है और इसमें छत्तीसगढ़ की बेटी की भागीदारी प्रदेश के लिए विशेष उपलब्धि है।

युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनीं संजू देवी

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटियां आज शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। कोरबा की संजू देवी ने कठिन मेहनत और बेहतर खेल प्रदर्शन के दम पर भारतीय राष्ट्रीय टीम में जगह बनाई और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व किया।

उन्होंने कहा कि संजू देवी की सफलता प्रदेश के हजारों युवा खिलाड़ियों, खासकर बेटियों के लिए प्रेरणा का काम करेगी। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि उनकी उपलब्धि से छत्तीसगढ़ के अन्य युवा भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होंगे।

खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर जोर

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर, प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि गांवों, आदिवासी अंचलों और छोटे शहरों में मौजूद प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उचित मंच मिले और वे राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर सकें।

भारतीय महिला कबड्डी टीम ने जीता गोल्ड

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने फाइनल मुकाबले में ईरान को 37-34 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। टीम की इस सफलता में छत्तीसगढ़ की संजू देवी की भागीदारी ने प्रदेश को भी गौरवान्वित किया है।

मुख्यमंत्री साय ने भारतीय महिला कबड्डी टीम के सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ को भी जीत की बधाई दी। उन्होंने टीम के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि भारतीय खिलाड़ी आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन जारी रखेंगे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *