छत्तीसगढ़ की पहली महिला खुली जेल शुरू, रायपुर केंद्रीय जेल में 25 महिला बंदिनियों को मिलेगा रोजगार का अवसर

रायपुर । छत्तीसगढ़ में महिला बंदिनियों के पुनर्वास और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक नई पहल शुरू हुई है। केंद्रीय जेल, रायपुर में राज्य की पहली महिला खुली जेल (Women Open Correctional Institution-OCI) का शुभारंभ डीजी जेल हिमांशु गुप्ता ने किया।

इस अवसर पर जेल अधीक्षक योगेश सिंह क्षत्री, महिला ओपन जेल प्रभारी खुशबू मिश्रा सहित जेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

25 महिला बंदिनियों को मिलेगी खुली जेल की सुविधा

रायपुर जेल में उपलब्ध अधोसंरचना का उपयोग करते हुए शुरू की गई इस ओपन जेल में फिलहाल 25 महिला बंदिनियों को रखा जाएगा। निर्धारित व्यवस्था के तहत महिला बंदिनियां सुबह जेल परिसर से बाहर निकलकर विभिन्न कार्यों में शामिल होंगी और दिनभर काम करने के बाद शाम को लॉकअप से पहले वापस जेल परिसर में लौटेंगी।

इस व्यवस्था का उद्देश्य महिला बंदिनियों को जिम्मेदारी के साथ काम करने का अवसर देना और उनके पुनर्वास की प्रक्रिया को मजबूत करना है।

सिलाई सेंटर और ब्यूटी पार्लर में मिलेगा रोजगार

महिला बंदिनियों को जेल की ऊंची दीवारों के बाहर मंदिर के पास स्थित परिसर में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। यहां सिलाई सेंटर, ब्यूटी पार्लर और जेल उत्पादों के बिक्री केंद्र में उन्हें काम दिया जाएगा।

इसके अलावा उनके लिए रोजगार के अन्य वैकल्पिक साधन भी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।

महिला खुली जेल की शुरुआत को बंदिनियों को कौशल विकास, रोजगार और सामाजिक पुनर्वास से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे उन्हें जेल से बाहर नियंत्रित वातावरण में कार्य करने और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *