रायपुर । कबीरधाम जिले के ग्राम चंडालपुर को अब आधिकारिक रूप से नई पहचान मिल गई है। लंबे समय से चली आ रही ग्रामीणों की मांग के बाद छत्तीसगढ़ शासन ने गांव का नाम बदलकर ‘चंदनपुर’ करने का राजपत्र में विधिवत प्रकाशन कर दिया है। इसी राजपत्र की प्रति लेकर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा शुक्रवार देर रात तेज बारिश के बीच गांव पहुंचे और ग्रामीणों को नाम परिवर्तन की बधाई दी।
बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण उप मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए पहुंचे। नाम परिवर्तन की खुशी में ग्रामीणों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और उप मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया।
सरकारी दस्तावेजों में दर्ज होगा नया नाम
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि राजपत्र में प्रकाशन के बाद ‘चंदनपुर’ नाम अब सरकारी अभिलेखों और संबंधित शासकीय वेब पोर्टलों में स्थायी रूप से दर्ज रहेगा। उन्होंने ग्रामीणों से दैनिक व्यवहार और बोलचाल में भी गांव के नए नाम का उपयोग करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि नाम परिवर्तन की प्रक्रिया ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग और स्थानीय भावनाओं को ध्यान में रखते हुए आगे बढ़ाई गई। प्रस्ताव शासन को भेजे जाने के बाद मंत्रिमंडल स्तर पर चर्चा हुई, राज्यपाल की स्वीकृति प्राप्त हुई और अंततः राजपत्र में इसका प्रकाशन किया गया।
दस्तावेजों में नाम बदलने के लिए लगेगा विशेष शिविर
ग्रामीणों को नाम परिवर्तन के बाद दस्तावेजों में बदलाव के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में आधार कार्ड सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों में गांव का नाम बदलने की प्रक्रिया पूरी कराने की व्यवस्था की जाएगी।
विकास कार्यों के लिए 11.70 लाख रुपये की घोषणा
नाम परिवर्तन की खुशी के बीच उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने गांव के विकास के लिए 11.70 लाख रुपये देने की घोषणा की। इस राशि से सीसी रोड और सामुदायिक भवन से जुड़े कार्य किए जाएंगे।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव का नाम केवल किसी स्थान की पहचान नहीं होता, बल्कि उसके साथ स्थानीय इतिहास, संस्कृति, परंपरा और जनभावनाएं भी जुड़ी होती हैं। ‘चंदनपुर’ नाम मिलना ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही भावना और मांग के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई पहचान के साथ गांव के विकास को भी आगे गति मिलेगी।