रायपुर । सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार, 23 सितंबर को कोंडागांव नगर के डोंगरीपारा में ‘सेवा मेरा योगदान’ शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के वाणिज्य एवं उद्योग, वाणिज्यिक कर (आबकारी) एवं श्रम मंत्री तथा कोंडागांव जिले के प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री देवांगन ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक यह अभियान आयोजित किया जा रहा है।
मंत्री ने कहा कि अभियान के तहत 17 सितंबर को जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें नागरिकों ने घरों, चौक-चौराहों और गली-मोहल्लों में दीप प्रज्ज्वलित कर सहभागिता की।
उन्होंने कहा कि किसानों, महिलाओं, गरीबों और अन्य वर्गों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, स्वच्छ भारत मिशन और हर घर जल जैसी विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
जनभागीदारी को मजबूत करने पर जोर
कार्यक्रम में बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से जनसेवा और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार की गरीब कल्याण, किसान, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, स्वच्छता, आवास, बैंकिंग और पेयजल से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख किया।
कोंडागांव विधायक लता उसेंडी ने कहा कि विभिन्न सेवा कार्यों और गतिविधियों के माध्यम से लोगों की भागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
कई हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
शिविर में विभिन्न विभागों की योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को सहायता एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। श्रम विभाग द्वारा मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना के तहत दो हितग्राहियों को 20-20 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। वहीं, मिनीमाता महतारी जतन योजना के तहत तीन हितग्राहियों को 20-20 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई।
स्वामित्व योजना के अंतर्गत आठ हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख वितरित किए गए। समाज कल्याण विभाग की ओर से आठ दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राईसिकल प्रदान की गईं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा छह बच्चों को जन्म प्रमाण पत्र तथा 11 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए।
शिक्षा विभाग की ओर से 15 बच्चों को जाति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली पांच आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया। इसके अलावा सक्षम योजना के तहत दो हितग्राहियों को चेक भी वितरित किए गए।
शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराते हुए पात्र हितग्राहियों को सीधे लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया।