एशियन गेम्स 2026 | आगामी एशियन गेम्स 2026 से पहले भारत और जापान के बीच खेले गए एक विशेष टी20 मुकाबले में भारतीय टीम एक बड़े उलटफेर का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। दोनों देशों के राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे होने के जश्न के रूप में आयोजित इस मैच में जापानी गेंदबाजों और बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन कर सभी को हैरान कर दिया। हालांकि, अंततः भारतीय गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन के दम पर टीम इंडिया ने यह मुकाबला 2 रनों से अपने नाम कर लिया।
बारिश से बाधित मैच में भारतीय बैटर्स हुए फ्लॉप
बारिश के खलल के कारण यह मुकाबला घटाकर 5-5 ओवर का कर दिया गया था। साने इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए इस मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, जो शुरुआती ओवरों में पूरी तरह गलत साबित हुआ। जापान के अनुशासित गेंदबाजी आक्रमण के आगे भारतीय बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आए:
-
ओपनर अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले (गोल्डन डक) पवेलियन लौट गए।
-
विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन 9 रन और ईशान किशन सिर्फ 3 रन ही बना सके।
-
कप्तान श्रेयस अय्यर ने सबसे ज्यादा नाबाद 16 रन (12 गेंदे) बनाए, जबकि उप-कप्तान तिलक वर्मा ने 3 गेंदों पर 1 रन का योगदान दिया।
चौकों-छक्कों के लिए जाने जाने वाली भारतीय टीम इस पारी में सिर्फ 2 चौके ही लगा पाई और 5 ओवर में 4 विकेट पर 32 रन का ही स्कोर खड़ा कर पाई। जापान की ओर से चार्ली हारा-हिंजे ने सबसे ज्यादा 2 विकेट झटके, जबकि इब्राहिम ताकाहाशी और बेंजामिन इटो-डेविस को एक-एक सफलता मिली।
गेंदबाजों ने बचाई भारत की इज्जत
जीत के लिए महज 33 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जापानी टीम ने शुरुआत से ही भारतीय खेमे की सांसे अटका दीं। मेजबान टीम आसानी से जीत की ओर बढ़ रही थी, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने गेम का पासा पलट दिया:
-
वॉशिंगटन सुंदर ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए महत्वपूर्ण 2 विकेट चटकाए।
-
अक्षर पटेल ने भी किफायती और असरदार गेंदबाजी से दबाव बनाए रखा।
-
इसके अलावा जापान के एक बल्लेबाज लाचलन यामामोटो-लेक रन आउट हुए।
भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर झटके देकर जापान के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। नतीजा यह रहा कि जापानी टीम 5 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 30 रन ही बना सकी और भारत ने बेहद रोमांचक अंदाज में 2 रनों से यह ऐतिहासिक मुकाबला जीत लिया।