बिहार | बिहार के जमुई जिले में नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ बदसलूकी और मारपीट के वायरल वीडियो मामले में पुलिस ने बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। घटना के मुख्य आरोपी नंदन यादव और एक अन्य आरोपी हरेराम यादव को पुलिस ने एक मुठभेड़ (एनकाउंटर) के बाद गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी के पैर में गोली लगी है, जबकि दूसरे आरोपी का पैर टूटने की बात सामने आई है।
अस्पताल ले जाते वक्त का वीडियो आया सामने
आजतक से जुड़े रिपोर्टर के मुताबिक, मुठभेड़ के बाद दोनों घायल आरोपियों को पुलिस सुरक्षा में जमुई सदर अस्पताल लाया गया है। अस्पताल ले जाते समय के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें आरोपी लंगड़ाते हुए नजर आ रहे हैं और पुलिसकर्मी उन्हें सहारा देकर अंदर ले जा रहे हैं।
घटना के बाद से ये सभी आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस ने इससे पहले तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद मुख्य आरोपी समेत चार लोग फरार थे। ताजा मुठभेड़ के बाद दो मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गए हैं, जबकि दो अन्य की तलाश अभी भी जारी है।
क्या है पूरा मामला और कौन सी धाराएं लगी हैं?
बिहार पुलिस के ADG लॉ एंड ऑर्डर के. सुहिता अनुपम ने पुलिस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने मामले में BNS की धारा 74, धारा 76 और POCSO एक्ट की धारा 8 व 12 के तहत केस दर्ज किया है। इन धाराओं में महिला की गरिमा भंग करने, कपड़े उतारने के लिए मजबूर करने और यौन उत्पीड़न से जुड़े गंभीर अपराध शामिल हैं।
यह पूरी घटना 19 सितंबर की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच की है। पुलिस इनपुट के अनुसार, जमुई-लखीसराय मुख्य मार्ग से करीब तीन किलोमीटर दूर एक पहाड़ी इलाके में दसवीं कक्षा के एक छात्र और छात्रा को कोचिंग से लौटते वक्त कुछ लोगों ने रोक लिया था। आरोपियों ने उनकी पिटाई की और मुंह पर कपड़ा बांधकर लड़की के साथ बदसलूकी (मोलेस्टेशन) की थी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह हरकत में आया और अब ताबड़तोड़ गिरफ्तारियां की जा रही हैं।