बैकुंठपुर | छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में खरीफ वर्ष 2026-27 के लिए पीवी (PV) ऐप के माध्यम से होने वाले फसल गिरदावरी के भौतिक सत्यापन कार्य को लेकर प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। मैदानी स्तर पर आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों और तकनीकी दिक्कतों का हवाला देते हुए पटवारी संघ कोरिया ने इस कार्य का पूर्ण रूप से बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में संघ की ओर से कोरिया कलेक्टर के माध्यम से राज्य शासन को एक आधिकारिक पत्र प्रेषित किया गया है।

व्यावहारिक कठिनाइयों और तकनीकी व्यवस्था पर उठाया सवाल
पटवारी संघ का कहना है कि पीवी (PV) ऐप के जरिए फसल भौतिक सत्यापन की मौजूदा प्रक्रिया को लागू करने में मैदानी अमले (पटवारियों) को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। फसल गिरदावरी से जुड़े इस कार्य की तकनीकी व्यवस्था, सर्वर की समस्याओं और कार्य करने की विपरीत परिस्थितियों को लेकर संघ ने लंबे समय से शासन का ध्यान आकृष्ट कराने का प्रयास किया है, लेकिन समस्याओं का समाधान न होने पर उन्हें यह कड़ा कदम उठाना पड़ा है।

मांगों के निराकरण तक जारी रहेगा बहिष्कार
संघ ने राज्य शासन से मांग की है कि पीवी (PV) ऐप आधारित फसल भौतिक सत्यापन व्यवस्था की तत्काल समीक्षा की जाए और पटवारियों के सामने आ रही सभी व्यावहारिक एवं तकनीकी समस्याओं का उचित समाधान निकाला जाए। पटवारी संघ ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों पर शासन स्तर पर कोई उचित और सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक संघ द्वारा इस कार्य का बहिष्कार जारी रहेगा।
कोरिय जिला पटवारी संघ ने कलेक्टर के माध्यम से शासन को ज्ञापन सौंपकर इस गंभीर मामले में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने और स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है, ताकि किसानों के कार्यों और प्रशासनिक व्यवस्था के बीच संतुलन बनाया जा सके।