ग्वालियर | बिहार के जमुई में हुई कुख्यात घटना के बाद अब मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से भी एक झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। ग्वालियर के भितरवार थाना क्षेत्र में कोचिंग जा रही दो छात्राओं के साथ बाइक सवार दो युवकों द्वारा सरेआम मारपीट, बाल खींचने और बदसलूकी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
क्या है पूरा मामला?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, भितरवार थाना क्षेत्र के कमला स्कूल के पास दो छात्राएं पीठ पर बैग टांगे अपनी कोचिंग जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया।
वायरल हो रहे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी युवकों ने न केवल छात्राओं पर भद्दे कमेंट्स किए, बल्कि उनमें से एक छात्रा के बाल खींचे, उसके सिर पर थप्पड़ मारे और जबरन उसका बाजू पकड़कर खींचा। सरेआम हुई इस अभद्रता के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
बिना शिकायत के पुलिस ने लिया स्वतः संज्ञान (Suo Motu)
इस घटना के बाद डर के मारे पीड़िताओं या उनके परिजनों की तरफ से पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। हालांकि, जब यह शर्मनाक घटना कैमरे में कैद होकर सोशल मीडिया पर वायरल हुई और इस पर सवाल उठने लगे, तब पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए तुरंत एक्शन लिया।
एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों की पहचान लोहगढ़ी गांव के रहने वाले योगेश रावत और युवराज रावत के रूप में की है।
-
पुलिस ने मुख्य आरोपी योगेश रावत को गिरफ्तार कर लिया है।
-
वहीं, दूसरा आरोपी युवराज रावत अभी फरार चल रहा है, जिसकी तलाश पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कर रही है।