तिल्दा-नेवरा। अपराध रोकथाम और जनसहभागिता को बढ़ावा देने के लिए रायपुर ग्रामीण पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ग्रामीणों की सकारात्मक भागीदारी सामने आई है। अभियान के दौरान ग्रामीणों ने स्वेच्छा से हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामान पुलिस को सौंपे हैं। अब तक कुल 106 हथियार एवं अन्य आपत्तिजनक सामान पुलिस के समक्ष जमा किए जा चुके हैं।
यह अभियान रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन और विधानसभा एसडीओपी वीरेंद्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना विधानसभा, तिल्दा-नेवरा एवं खरोरा पुलिस द्वारा संचालित किया जा रहा है।
गांव-गांव पहुंचकर पुलिस कर रही जागरूक
अभियान के तहत पुलिस टीमों द्वारा गांव-गांव जाकर सरपंचों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, पत्रकारों और ग्रामीणों से संवाद किया जा रहा है। इस दौरान अनावश्यक रूप से हथियार अथवा आपत्तिजनक सामान रखने से होने वाले संभावित नुकसान के बारे में लोगों को समझाइश दी जा रही है।
पुलिस की इस जनजागरूकता पहल का असर भी देखने को मिला। सरपंचों और जनप्रतिनिधियों की पहल तथा ग्रामीणों के सहयोग से थाना तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में पहले 15 हथियार एवं अन्य आपत्तिजनक सामान स्वेच्छा से पुलिस को सौंपे गए थे। अभियान के दौरान ग्रामीणों ने अतिरिक्त रूप से 72 कड़े और 19 चाकू पुलिस के समक्ष जमा कराए। इस तरह अब तक कुल 106 हथियार एवं अन्य आपत्तिजनक सामान पुलिस को सौंपे जा चुके हैं।
विवाद को गंभीर रूप लेने से रोकने पर जोर
पुलिस द्वारा ग्रामीणों को समझाया जा रहा है कि मामूली विवाद, कहासुनी या अचानक उत्पन्न आक्रोश के दौरान आसपास मौजूद हथियार किसी घटना को गंभीर रूप दे सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए अभियान में अपराध होने के बाद कार्रवाई के साथ-साथ संभावित परिस्थितियों को घटना में बदलने से पहले रोकने पर जोर दिया जा रहा है।
बच्चों और युवाओं को हथियारों से दूर रखने की अपील
थाना विधानसभा, तिल्दा-नेवरा और खरोरा पुलिस द्वारा बच्चों एवं युवाओं को हथियारों से दूर रखने के लिए भी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने पालकों से बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
पुलिस के अनुसार जनसहभागिता और पुलिस-जनता के समन्वय से सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण तैयार करने की दिशा में ‘सेवा संकल्प अभियान’ आगे भी जारी रहेगा।