तिल्दा-नेवरा। क्षेत्र के विकास एवं जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर तिल्दा-नेवरा वार्ड क्रमांक 21 की पार्षद एवं भाजपा महिला मोर्चा तिल्दा-नेवरा शहर मंडल अध्यक्ष रानी सौरभ जैन ने छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक टंकराम वर्मा से नवा रायपुर स्थित उनके निवास पर मुलाकात की। इस दौरान भाजपा बूथ अध्यक्ष आशीष शर्मा एवं सौरभ जैन भी मौजूद रहे।
भेंट के दौरान तिल्दा-नेवरा क्षेत्र के विकास, वार्ड क्रमांक 21 में आवश्यक निर्माण एवं विकास कार्यों के साथ शिक्षा और नागरिक सुविधाओं से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। रानी सौरभ जैन ने क्षेत्र की वर्तमान जरूरतों और नागरिकों की अपेक्षाओं से मंत्री को अवगत कराया तथा जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने की मांग रखी।
सासाहोली हाई स्कूल की बाउंड्री वॉल का मुद्दा उठाया
मुलाकात के दौरान सासाहोली हाई स्कूल की बाउंड्री वॉल का विषय प्रमुखता से मंत्री के समक्ष रखा गया। विद्यालय परिसर की सुरक्षा और विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण को देखते हुए बाउंड्री वॉल निर्माण की आवश्यकता पर चर्चा की गई। इस कार्य को प्राथमिकता देने का आग्रह भी किया गया।
इसके अलावा सासाहोली हाई स्कूल के नाम परिवर्तन से जुड़े विषय पर भी चर्चा हुई। रानी सौरभ जैन ने कहा कि यह मामला स्थानीय जनभावनाओं और क्षेत्र की आवश्यकताओं से जुड़ा है। उन्होंने इस संबंध में आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाने और सकारात्मक पहल की अपेक्षा जताई।
वार्ड और नगर के विकास पर भी चर्चा
भेंट के दौरान वार्ड क्रमांक 21 के विभिन्न विकास कार्यों, तिल्दा-नेवरा नगर से जुड़े मुद्दों तथा आगामी दिनों में आयोजित होने वाले सामाजिक एवं जनहितकारी कार्यक्रमों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। नागरिक सुविधाओं में सुधार, आवश्यक विकास कार्यों को गति देने और आमजन से जुड़े विषयों को संबंधित स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
रानी सौरभ जैन ने कहा कि जनसेवा और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के संकल्प के साथ जनहित के प्रत्येक विषय को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि वार्डवासियों की समस्याओं और आवश्यकताओं को जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखना और उनके निराकरण के लिए प्रयास करना निरंतर जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा का मार्गदर्शन और सहयोग क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास जताया कि तिल्दा-नेवरा की आवश्यकताओं और जनभावनाओं से जुड़े विषयों पर आगे भी सकारात्मक पहल होगी।
मुलाकात के दौरान उपस्थित लोगों ने क्षेत्र के विकास और जनहित के मुद्दों पर आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।